नकली सीमेंट के कारोबारी अमदरा मंडल अध्यक्ष को हटाएगी भाजपा
सतना | नकली सीमेंट बनाने के मामले में फरार चल रहे अमदरा भाजपा मंडल अध्यक्ष वीरेन्द्र यादव से पार्टी ने किनारा करने का मन बना लिया है। वीरेन्द्र को कभी भी मंडल अध्यक्ष के पद से हटाया जा सकता है। मंडल अध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई का प्रस्ताव भी जिला कार्यालय से प्रदेश नेतृत्व को भेज दिया गया। प्रदेश नेतृत्व को भेजे प्रस्ताव में समूचे घटनाक्रम का विस्तार से उल्लेख किया गया है। गौरतलब है कि अमदरा मंडल अध्यक्ष वीरेन्द्र यादव के कार्यालय से नकली सीमेंट बनाने का साजो- सामान मिलने के बाद से ही इस बात की अटकलें लगाई जा रही थी कि पार्टी इनके खिलाफ कार्रवाई करेगी। वीरेन्द्र के खिलाफ कार्रवाई करके पार्टी उन सभी नेताओं को यह संदेश देना चाहेगी कि अवैध कारोबार में लिप्त लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।
पार्टी ने किया किनारा
भले ही नकली सीमेंट के कारोबार का खुलासा होने के बाद से मंडल अध्यक्ष वीरेन्द्र यादव के खिलाफ स्थानीय स्तर पर पार्टी द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है लेकिन स्थानीय नेताओं और संगठन ने वीरेन्द्र से दूरी जरूर बना ली है। बुधवार को हुई भाजपा की एक आवश्यक बैठक में जिले के सभी मौजूदा मंडल अध्यक्षों को बुलाया गया था, लेकिन अमदरा मंडल के मौजूदा अध्यक्ष वीरेन्द्र यादव को बैठक में नहीं बुलाया गया था । बैठक में पूर्व मंडल अध्यक्ष चन्द्रभान सिंह पटेल को बुलाया गया था जिससे साफ है कि स्थानीय स्तर पर वीरेन्द्र से संगठन ने किनारा कर लिया है।
गिरफ्तार नहीं कर पाई पुलिस
वीरेंद्र यादव के ठीहे से नकली सीमेंट बनाने की सामग्री बरामद होने के बाद से ही वह फरार है जिसकी तलाश पुलिस अब तक नहीं कर पाई है। बताया जाता है कि सत्तापक्ष का एक सशक्त नेता वीरेंद्र यादव की ढाल बना हुआ है जिसकी सरपरस्ती में फिलहाल वीरेंद्र फरारी काट रहा है।
छवि हो रही खराब
अवैध कारोबारियों के खिलाफ सरकार और स्वयं सीएम शिवराज सिंह चौहान ने सख्त रुख अपना रखा है। ऐसे में पार्टी के एक जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा अवैध कारोबार करते पाए जाने से पार्टी की छवि खराब हो रही है। इसे देखते हुए जल्द से जल्द अमदरा मंडल अध्यक्ष के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए अध्यक्ष पद से हटाए जाने की मंशा तमाम उन पार्टी कार्यकर्ताओं व नेताओं ने जताई है जिन्हें पार्टी की नैतिकता और सुचिता का ख्याल है।
जिला संगठन को कार्रवाई का अधिकार नहीं
बताया जाता है कि अवैध कारोबार में संलिप्त अमदरा मंडल अध्यक्ष के खिलाफ जिला संगइन तत्काल कार्रवाई करना चाहता है पर उसे एक मंडल अध्यक्ष के खिलाफ सीधे कार्रवाई करने का अधिकार नहीं है। मंडल के खिलाफ कार्रवाई का अधिकार सिर्फ प्रदेश अध्यक्ष व अनुशासन समिति को है, जिला संगठन सिर्फ कार्रवाई का प्रस्ताव भेज सकता है। इसके बाद आगे का निर्णय लिया जा सकता है।
तीन और मंडल निशाने पर
अमदरा मंडल अध्यक्ष के खिलाफ अवैध कारोबार में संलिप्त होने पर कार्रवाई की संभावना जहां बढ़ी है,वहीं जिले के तीन और मंडल अध्यक्ष अन्य कारणों से प्रदेश नेतृत्व के निशाने पर हैं। इनकी संदिग्ध गतिविधियों और प्रशिक्षण वर्ग के दौरान वसूली की शिकायतें प्रदेश नेतृत्व तक पहुंची हैं। जिन अन्य मंडल अध्यक्षों से शीर्ष नेतृत्व खफा चल रहा है। उसमें सतना, मैहर और रैगांव विधानसभा का एक-एक मंडल शामिल है।
अमदरा मंडल अध्यक्ष के कृत्य से पार्टी की छवि खराब हुई है। पूरे घटनाक्रम से शीर्ष नेतृत्व को अवगत करा दिया गया है। आगे कार्रवाई क्या करना है? इस पर निर्णय शीर्ष नेतृत्व को लेना है।
नरेन्द्र त्रिपाठी, जिला अध्यक्ष भाजपा