Runner Sufiya Sufi: अजमेर की बेटी ने 430 किमी दौड़कर रचा इतिहास, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ नाम

Runner Sufiya Sufi:सूफिया इससे पहले भी इसी रूट को वर्ष 2021 में 156 घंटे में पूरा कर चुकी थीं। हालांकि बाद में वह रिकॉर्ड टूट गया।

Runner Sufiya Sufi: अजमेर की बेटी ने 430 किमी दौड़कर रचा इतिहास, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ नाम
Runner Sufiya Sufi

Runner Sufiya Sufi: राजस्थान के अजमेर की अंतरराष्ट्रीय अल्ट्रा रनर सूफिया सूफी ने एक बार फिर अपनी अदम्य इच्छाशक्ति और हौसले से देश का नाम रोशन किया है। 40 वर्षीय सूफिया ने हिमाचल प्रदेश के मनाली से लेह तक की लगभग 430 किलोमीटर लंबी और बेहद कठिन पहाड़ी दूरी को 98 घंटे 27 मिनट में पूरा कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में जगह बनाई है।

यह मार्ग दुनिया के सबसे चुनौतीपूर्ण

 हाई-एल्टीट्यूड एंड्योरेंस रूट्स में गिना जाता है। इस दौरान प्रतिभागियों को पांच ऊंचे दर्रों को पार करना पड़ता है, जहां ऑक्सीजन का स्तर कम और मौसम अत्यंत प्रतिकूल होता है। ऐसी कठिन परिस्थितियों में लगातार चार दिन से अधिक समय तक दौड़ना अपने आप में बड़ी उपलब्धि मानी जाती है।

संघर्ष से सफलता तक का सफर

1 अगस्त 1985 को जन्मी सूफिया ने एमडीएस विश्वविद्यालय, अजमेर से पढ़ाई पूरी की। वर्ष 2009 में उन्होंने दिल्ली एयरपोर्ट पर ग्राउंड हैंडलिंग ऑफिसर के रूप में करियर की शुरुआत की, लेकिन खेल के प्रति जुनून उन्हें अलग राह पर ले गया। वर्ष 2019 में उन्होंने नौकरी छोड़ पूरी तरह से खुद को रनिंग के लिए समर्पित कर दिया।

31 अगस्त 2023 को उन्होंने यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। खास बात यह रही कि दौड़ से पहले वे शारीरिक असुविधा से जूझ रही थीं, इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और लक्ष्य तक पहुंचकर नया कीर्तिमान स्थापित किया।

पहले भी बना चुकी हैं कई कीर्तिमान

सूफिया इससे पहले भी इसी रूट को वर्ष 2021 में 156 घंटे में पूरा कर चुकी थीं। हालांकि बाद में वह रिकॉर्ड टूट गया, लेकिन इस बार उन्होंने समय में जबरदस्त सुधार कर नया इतिहास रच दिया।

इसके अलावा वे ‘ट्रांस इंडिया’ (करीब 4000 किमी) और ‘गोल्डन क्वाड्रिलैटरल’ (लगभग 6000 किमी) जैसी लंबी दूरी की चुनौतियों को भी सफलतापूर्वक पूरा कर चुकी हैं।

आगे क्या है लक्ष्य?

सूफिया का सपना यहीं थमने वाला नहीं है। उनका अगला लक्ष्य भारत के पूर्वी छोर से पश्चिमी छोर तक दौड़ पूरी करना है। इसके बाद वे ‘रन अराउंड द वर्ल्ड’ अभियान के तहत 30 देशों में 30,000 किलोमीटर की दूरी तय करने की तैयारी में हैं।