संदिग्ध हालात में कथावाचक साध्वी प्रेम बाईसा का निधन, इंस्टाग्राम पोस्ट से बढ़ी गुत्थी
जोधपुर में कथावाचक साध्वी प्रेम बाईसा का संदिग्ध हालात में निधन। डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के 4 घंटे बाद इंस्टाग्राम पर सुसाइड नोट पोस्ट होने से मामला और पेचीदा, पुलिस जांच जारी।
जोधपुर से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। प्रसिद्ध कथावाचक साध्वी प्रेम बाईसा का बुधवार (28 जनवरी 2026) को जोधपुर के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। हालांकि उनकी मौत के कुछ घंटों बाद उनके आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से सामने आए एक कथित ‘सुसाइड नोट’ ने पूरे घटनाक्रम को संदिग्ध बना दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

पोस्ट में लिखा - पूज्य सभी संतों को प्रणाम
मैंने हर एक क्षण सनातन प्रचार के लिए जिया दुनिया में सनातन धर्म से बड़ा कोई धर्म से नहीं है।। आज अंतिमश्वास तक मेरे दिल में सनातन ही है। मेरा सौभाग्य है कि मैंने सनातन धर्म में जन्म लिया। और अंतिम श्वास भी सनातन के लिए ली, मेरे जीवन में आदि जगतगुरु शंकराचार्य भगवान , विश्व योग गुरुओं व पूज्य संत महात्माओं का हर पल आशीर्वाद रहा मैंने आदि गुरू शंकराचार्य और देश के कई महान संत महात्माओं को लिखित पत्र लिखा अग्नि परीक्षा के लिए निवेदन किया लेकिन प्रकृति को क्या मंजूर था? मैं इस दुनिया से हमेशा के लिए अलविदा लेकिन ईश्वर और पूज्य संत महात्माओं पर पूर्ण भरोसा है मेरे जीते जी नहीं तो जाने के बाद तो न्याय मिलेगा।
मौत का समय और अस्पताल तक की कहानी
जानकारी के अनुसार साध्वी प्रेम बाईसा की तबीयत बुधवार शाम अचानक बिगड़ गई थी। उन्हें बोरानाडा स्थित उनके आश्रम से पाल रोड पर स्थित प्रेक्षा अस्पताल लाया गया, जहां शाम करीब 5:30 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक साध्वी को उनके पिता और एक युवक कार से लेकर आए थे।
इंजेक्शन के बाद बिगड़ी हालत
ड्यूटी डॉक्टर के अनुसार साध्वी के पिता ने बताया कि उन्हें बुखार था, जिसके इलाज के लिए एक इंजेक्शन लगाया गया था। इंजेक्शन के कुछ ही समय बाद उनकी तबीयत अचानक ज्यादा खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल लाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मृत्यु हो चुकी थी।
इंस्टाग्राम पोस्ट से खड़ा हुआ सवाल
मामले ने उस वक्त गंभीर मोड़ ले लिया जब रात करीब 9:30 बजे, यानी डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के लगभग 4 घंटे बाद, साध्वी प्रेम बाईसा के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्ट सामने आई। इस पोस्ट को सुसाइड नोट बताया जा रहा है। पोस्ट के सामने आते ही सोशल मीडिया पर सनसनी फैल गई और मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठने लगे।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही जोधपुर पुलिस सक्रिय हो गई। टीम के नेतृत्व में पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इंस्टाग्राम अकाउंट से पोस्ट किसने और कैसे की, साथ ही मौत से पहले और बाद की गतिविधियों की कड़ियों को जोड़ा जा रहा है।

कई सवाल, जवाब बाकी
साध्वी प्रेम बाईसा की मौत को लेकर फिलहाल कई सवाल खड़े हैं—
-
इंजेक्शन किसने और किस परिस्थिति में लगाया?
-
मौत के चार घंटे बाद सोशल मीडिया पोस्ट कैसे हुई?
-
क्या यह मामला मेडिकल लापरवाही, आत्महत्या या किसी साजिश से जुड़ा है?
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल साध्वी प्रेम बाईसा के निधन से उनके अनुयायियों और धार्मिक जगत में शोक की लहर है, वहीं यह मामला जोधपुर के सबसे चर्चित और रहस्यमय मामलों में शामिल होता जा रहा है।

