Shekhawati Religious Tourism: शेखावाटी क्षेत्र में बढ़ रही पर्यटकों की संख्या, अब इन तीन प्रोजेक्ट से और भी उछाल की संभावना
Shekhawati Religious Tourism: खाटूश्यामजी, सालासर, जीण माता और शाकम्भरी देवी जैसे प्रमुख तीर्थ स्थलों पर बीते कुछ वर्षों में श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार इजाफा हुआ है, जिससे व्यापार, सेवाओं और रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
Shekhawati Religious Tourism: राजस्थान में धार्मिक यात्राओं को लेकर लोगों का रुझान तेजी से बढ़ा है। इसका सीधा असर शेखावाटी अंचल पर भी देखने को मिल रहा है, जहां आस्था अब रोजगार और विकास का नया माध्यम बन रही है। शिक्षा के बड़े हब के रूप में पहचाने जाने वाले सीकर में अब धार्मिक पर्यटन भी स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने लगा है। खाटूश्यामजी, सालासर, जीण माता और शाकम्भरी देवी जैसे प्रमुख तीर्थ स्थलों पर बीते कुछ वर्षों में श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार इजाफा हुआ है, जिससे व्यापार, सेवाओं और रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। अब इन क्षेत्रों को बढ़ाने के लिए पर्यटन सर्किट को मंजूरी मिल सकती है।
एक साल में 28 लाख बढ़े पर्यटक
बात करें आंकड़ों की तो शेखावाटी क्षेत्र के प्रमुख 4 स्थानों में लगातार पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है। खाटूश्यामजी, जीणमाता, शाकंभरी व हर्ष में साल 2025 में 2 करोड़ 94 लाख पर्यटक पहुंचे, जो बीते वर्ष यानी 2024 के मुकाबले करीब 28 लाख ज्यादा हैं। सबसे ज्यादा 22 लाख की बढ़ोतरी के साथ 2.58 करोड़ पर्यटक खाटूश्यामजी पहुंचे। इन क्षेत्रों में नाइट स्टे करने वाले लोग भी बढ़ रहे हैं।
इन तीन प्रोजेक्ट से भक्तों की संख्या में बढ़ोत्तरी के आस
खाटू श्याम कॉरिडोर
महाकाल कॉरिडोर की तर्ज पर सीकर के खाटू श्याम में भी 100 करोड़ की लागत से कॉरिडोर बनना है। इस प्रोजेक्ट के पूरा होते ही श्याम की नगर में भक्तों की संख्या और भी बढ़ने की संभावना है।
शेखावाटी पर्यटन सर्किल
कॉरिडोर के साथ ही सालासर, खाटूश्यामजी सहित शेखावाटी क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों को जोड़ने के लिए पर्यटन सर्किट बनाने की योजना बनाई गई है। यही नहीं यहां भक्तों के लिए एयर टैक्सी भी चलाने की योजना है।
ग्रामीण पर्यटन को भी मिलेगा बढ़ावा
सरकार ने शेखावाटी क्षेत्र में ग्रामीण पर्यटन को भी बढ़ावा देने का फैसला लिया है जिसके लिए क्षेत्र में मौजूद हवेलियों को संरक्षित किया जाएगा। इसके लिए कानून भी बनाया जा सकता है।

