Dausa Leopard Movement : दौसा में लेपर्ड का आतंक, पहाड़ी से उतरकर घरों तक पहुंचा शिकारी
Dausa Leopard Movement : लेपर्ड चुपचाप घर के आंगन में घुस आया और वहां बैठे कुत्ते पर झपट्टा मार दिया। लेपर्ड ने कुत्ते की गर्दन पकड़ ली, आसपास मौजूद अन्य कुत्तों के हलचल से शिकार को छोड़कर मौके से फरार हो गया।
Dausa Leopard Movement : दौसा में लेपर्ड के लगातार मूवमेंट ने ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल बना दिया है। दिन के उजाले में पहाड़ी इलाकों में दिखाई देने वाला लेपर्ड अब रात के अंधेरे में रिहायशी क्षेत्रों तक पहुंचने लगा है। ताजा मामला उस वक्त सामने आया, जब देर रात एक घर के आंगन में सो रहे कुत्ते पर लेपर्ड ने हमला कर दिया।
रात के सन्नाटे में आंगन तक पहुंचा लेपर्ड, कुत्ते पर हमला कर मचाया हड़कंप
बीती रात लेपर्ड चुपचाप घर के आंगन में घुस आया और वहां बैठे कुत्ते पर झपट्टा मार दिया। लेपर्ड ने कुत्ते की गर्दन पकड़ ली, लेकिन आसपास मौजूद अन्य कुत्तों के शोर और हलचल के चलते वह शिकार छोड़कर मौके से फरार हो गया। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों में डर का माहौल
ग्रामीणों का कहना है कि पास की पहाड़ियों में लेपर्ड की मौजूदगी लगातार बनी हुई है। दिन के समय भी कई बार पहाड़ी इलाकों में लेपर्ड को देखा गया है, जिससे गांव के लोग डर के साये में जीने को मजबूर हैं। बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील
वहीं दूसरी ओर वन विभाग का कहना है कि सघन वन क्षेत्र की पहाड़ियों में एक से अधिक लेपर्ड सक्रिय हैं। शिकार की तलाश में ये लेपर्ड कई बार आबादी वाले इलाकों की ओर रुख कर लेते हैं। वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है और इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है।
Saloni Kushwaha 
