Tonk News: महिला डांसर के साथ RTO इंस्पेक्टर ने मंच पर किया डांस, वीडियो वायरल
टोंक के उनियारा क्षेत्र के रोहित गांव में तेजाजी मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रम का वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें बूंदी DTO में डेपुटेशन पर कार्यरत परिवहन निरीक्षक हंसराज मीणा महिला कलाकार के साथ मंच पर डांस करते नजर आ रहे हैं।
राजस्थान के टोंक जिले के उनियारा क्षेत्र स्थित रोहित गांव में आयोजित तेजाजी मेले की सांस्कृतिक संध्या का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में बूंदी जिला परिवहन कार्यालय में डेपुटेशन पर कार्यरत परिवहन निरीक्षक हंसराज मीणा महिला कलाकार के साथ मंच पर डांस करते नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा में आ गया है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे थे
जानकारी के अनुसार, झुंडवा ग्राम पंचायत के रोहित गांव में 6 और 7 सितंबर को तेजाजी महाराज का मेला आयोजित किया गया था। मेले के समापन अवसर पर 7 सितंबर की शाम सांस्कृतिक कार्यक्रम रखा गया था। कार्यक्रम में बाहर से आर्केस्ट्रा पार्टी को बुलाया गया था, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
परिवहन निरीक्षक हंसराज मीणा को कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया था। वह कार्यक्रम के दौरान मंच पर मौजूद होकर कलाकारों की प्रस्तुतियां देख रहे थे।
महिला कलाकार के साथ मंच पर किया डांस
कार्यक्रम के दौरान आर्केस्ट्रा पार्टी की महिला कलाकार एक गीत पर प्रस्तुति दे रही थी। इसी बीच परिवहन निरीक्षक भी मंच पर पहुंच गए और महिला कलाकार के साथ डांस करने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वह करीब पांच मिनट तक मंच पर डांस करते रहे।
इस दौरान किसी व्यक्ति ने मोबाइल फोन से पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं
वीडियो सामने आने के बाद कुछ लोग सरकारी पद पर तैनात अधिकारी के मंच पर डांस करने को लेकर सवाल उठा रहे हैं और इसे पद की गरिमा से जोड़कर देख रहे हैं। वहीं, कुछ लोगों का कहना है कि मेले और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अतिथि भी उत्साह के दौरान कलाकारों के साथ मंच पर डांस करते हैं।
बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में रोहित गांव के पूर्व सरपंच हरिराम मीना ने भी महिला कलाकार के साथ मंच पर डांस किया था। फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा जारी है।

