जोधपुर में 2 KM की दौड़ पूरी करते ही बिगड़ी ASI की तबीयत, प्रमोशन टेस्ट के दौरान मौत

जोधपुर में एसआई प्रमोशन के लिए फिजिकल टेस्ट देने पहुंचे ASI दुर्गाराम की 2 KM दौड़ पूरी करने के बाद तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जोधपुर में 2 KM की दौड़ पूरी करते ही बिगड़ी ASI की तबीयत, प्रमोशन टेस्ट के दौरान मौत

राजस्थान के जोधपुर से एक दुखद घटना सामने आई है। एसआई पद पर प्रमोशन के लिए फिजिकल टेस्ट देने पहुंचे 50 वर्षीय एएसआई दुर्गाराम की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। वह बाड़मेर जिले के नेतराड़ गांव के रहने वाले थे।

2 किलोमीटर की दौड़ के बाद बिगड़ी तबीयत

जानकारी के मुताबिक, दुर्गाराम शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे मंडोर स्थित राजस्थान पुलिस ट्रेनिंग सेंटर पहुंचे थे। यहां एसआई पद पर प्रमोशन के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जा रही थी।

दुर्गाराम ने टेस्ट के तहत 2 किलोमीटर की दौड़ पूरी कर ली थी। इसके कुछ देर बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

बताया जा रहा है कि सुबह करीब 8:30 बजे उनकी हालत ज्यादा बिगड़ गई। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक जानकारी में उनकी मौत की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है। हालांकि, मौत के सटीक कारण की पुष्टि मेडिकल प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगी।

गिराब थाने में तैनात थे दुर्गाराम

दुर्गाराम वर्तमान में बाड़मेर के गिराब पुलिस थाने में एएसआई के पद पर कार्यरत थे। वह एसआई पद पर प्रमोशन के लिए आयोजित फिजिकल टेस्ट में शामिल होने जोधपुर पहुंचे थे।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं उनके पैतृक गांव नेतराड़ में भी मातम का माहौल है। पुलिस ने शव को जोधपुर के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।