जयपुर में महिलाओं को अब सड़क पर ही मिलेगी पुलिस की मदद, इन 4 जगहों पर खुले Pink Booth

जयपुर में महिलाओं की सुरक्षा के लिए चार जगहों पर Pink Booth शुरू किए गए हैं। यहां सुबह 6 से रात 10 बजे तक महिला पुलिसकर्मी तैनात रहेंगी और शिकायत, प्राथमिक उपचार सहित कई सुविधाएं मिलेंगी।

जयपुर में महिलाओं को अब सड़क पर ही मिलेगी पुलिस की मदद, इन 4 जगहों पर खुले Pink Booth

राजस्थान की राजधानी जयपुर में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने बड़ी पहल की है। अब सड़क पर छेड़छाड़, पीछा करने या किसी भी तरह की अभद्रता का सामना करने पर महिलाओं को पुलिस थाने जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। जयपुर पुलिस ने शहर के चार प्रमुख स्थानों पर महिला सुरक्षा एवं सहायता केंद्र यानी Pink Booth शुरू किए हैं। इन बूथों पर सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक महिला पुलिसकर्मी तैनात रहेंगी।

जयपुर में इन 4 जगहों पर शुरू हुए Pink Booth

जयपुर पुलिस ने पहले चरण में शहर के चार प्रमुख और व्यस्त स्थानों पर पिंक बूथ स्थापित किए हैं। इनमें जवाहर सर्किल स्थित पत्रिका गेट, अशोक नगर टी-पॉइंट (महारानी कॉलेज के पास), गौरव टावर और मानसरोवर स्थित सिटी पार्क के पास का इलाका शामिल है।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कुमार शर्मा ने शनिवार को पत्रिका गेट पर बने पिंक बूथ का उद्घाटन किया। वहीं, शहर के अन्य तीन बूथों का वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया गया। इन सभी केंद्रों पर दो अलग-अलग शिफ्टों में सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक महिला पुलिसकर्मी तैनात रहेंगी।

सीधे बूथ पर जाकर दर्ज करा सकेंगी शिकायत

जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि किसी भी महिला या बालिका को असुरक्षा महसूस होने अथवा परेशानी का सामना करने पर अब सीधे पिंक बूथ पर पहुंचकर शिकायत करने की सुविधा मिलेगी।

यहां मौजूद महिला पुलिसकर्मी पीड़ित की बात सुनेंगी और जरूरत के अनुसार कानूनी शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया में मार्गदर्शन और पुलिस सहायता उपलब्ध कराएंगी। इसका उद्देश्य महिलाओं को सार्वजनिक स्थानों पर तुरंत मदद पहुंचाना है।

फर्स्ट एड, सैनिटरी पैड और CCTV की भी व्यवस्था

पिंक बूथ को महिलाओं की अलग-अलग जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यहां सुरक्षित बैठने और प्रतीक्षा करने की सुविधा के साथ प्राथमिक उपचार (First Aid) और सैनिटरी पैड भी उपलब्ध रहेंगे।

आपात स्थिति में बूथ से सीधे पुलिस कंट्रोल रूम और पीसीआर वैन को सूचना दी जा सकेगी। सुरक्षा के लिए यहां सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा राजकॉप सिटीजन ऐप और क्यूआर कोड की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

महिलाओं और बालिकाओं को मिलेगा आत्मरक्षा प्रशिक्षण

पिंक बूथ केवल शिकायत दर्ज कराने तक सीमित नहीं रहेंगे। इन केंद्रों के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, ताकि वे मुश्किल परिस्थितियों में अपनी सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठा सकें।

इस पहल के उद्घाटन समारोह में स्पेशल पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश, डीआईजी कुंवर राष्ट्रदीप, एडीसीपी (यातायात एवं प्रशासन) प्रदीप मोहन शर्मा, एडीसीपी (प्रथम) डॉ. रामेश्वर सिंह और डीसीपी पूर्व रंजीता शर्मा सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने इस पहल के लिए जयपुर पुलिस की टीम को बधाई दी।