झालावाड़ में ACB का बड़ा एक्शन, 15 हजार की रिश्वत लेते सहकारी भंडार का कार्यवाहक महाप्रबंधक गिरफ्तार
झालावाड़ में ACB ने सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार के कार्यवाहक महाप्रबंधक मस्तराम मीणा को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। दवा सप्लाई के 15.32 लाख रुपए के बकाया भुगतान के बदले कमीशन मांगने का आरोप है।
राजस्थान के झालावाड़ में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार के कार्यवाहक महाप्रबंधक मस्तराम मीणा को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोपी पर दवा सप्लाई के बकाया भुगतान के चेक पर हस्ताक्षर करने के बदले 10 प्रतिशत कमीशन मांगने का आरोप है। एसीबी की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है।
दवा सप्लाई के 15.32 लाख रुपए थे बकाया
एसीबी के महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता के अनुसार, झालावाड़ एसीबी चौकी में 12 नवंबर 2026 को एक परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी। परिवादी की झालरापाटन स्थित फर्म गुरुकृपा मेडिकोज ने झालावाड़ सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार को दवाइयों की सप्लाई की थी। इसके बदले करीब 15.32 लाख रुपए का भुगतान बाकी था।
शिकायतकर्ता का आरोप था कि इस बकाया राशि में से 9.19 लाख रुपए के चेक पर हस्ताक्षर करने के बदले कार्यवाहक महाप्रबंधक मस्तराम मीणा रिश्वत मांग रहे थे।
बकाया भुगतान का 10 प्रतिशत कमीशन मांगने का आरोप
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने 12 नवंबर को रिश्वत मांग का गोपनीय सत्यापन कराया। इस दौरान आरोपी की ओर से बकाया भुगतान का 10 प्रतिशत कमीशन मांगने की पुष्टि होने की बात सामने आई।
सत्यापन के दौरान आरोपी ने 5 लाख रुपए के चेक पर हस्ताक्षर कर दिए और शेष 4.19 लाख रुपए का चेक एक-दो दिन में जारी करने का आश्वासन दिया। आरोप है कि उसने परिवादी से 25 हजार रुपए अगले दिन देने और बाकी रिश्वत राशि चेक पास होने के बाद देने की सहमति जताई। इस दौरान हस्ताक्षर किया हुआ चेक और संबंधित बैंक के नाम पत्र भी परिवादी को सौंपा गया।
15 हजार रुपए लेते ही ACB ने किया गिरफ्तार
13 नवंबर को परिवादी ने 15 हजार रुपए की रिश्वत राशि की व्यवस्था की। इसके बाद एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई की। कोटा रेंज के उप महानिरीक्षक ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन में झालावाड़ एसीबी चौकी के पुलिस निरीक्षक साजिद खान के नेतृत्व में टीम ने मस्तराम मीणा को परिवादी से 15 हजार रुपए लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक एस. परिमाला के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ और आगे की कार्रवाई जारी है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान किया जाएगा।
ACB ने जारी की हेल्पलाइन, शिकायत करने की अपील
एसीबी ने आमजन से भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतें सामने लाने की अपील की है। विभाग के मुताबिक, रिश्वत मांगने या भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1064 और व्हाट्सऐप हेल्पलाइन नंबर 94135-02834 पर 24 घंटे संपर्क किया जा सकता है।
एसीबी ने यह भी कहा है कि किसी व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज होने की जानकारी मिलने पर संबंधित पक्ष निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना पक्ष या स्पष्टीकरण प्रस्तुत कर सकता है। उपलब्ध तथ्यों और स्पष्टीकरण की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

