Bundi News: होटल में डॉक्टर पति को दूसरी महिला के साथ पकड़ने का दावा, पत्नी ने किया हंगामा; वीडियो वायरल
बूंदी के रामगंज बालाजी बायपास स्थित होटल के बाहर डॉक्टर पति को दूसरी महिला के साथ पकड़ने का दावा करते हुए एक महिला ने हंगामा किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है और पुलिस को अभद्रता से जुड़ा परिवाद मिला है, जिसकी जांच की जा रही है।
Bundi News: राजस्थान के बूंदी जिले में रामगंज बालाजी बायपास स्थित एक होटल के बाहर शनिवार को हंगामे का मामला सामने आया। आरोप है कि एक महिला ने अपने डॉक्टर पति को होटल में दूसरी महिला के साथ पकड़ लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। महिला द्वारा दूसरी महिला के साथ मारपीट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
होटल के बाहर जमा हुई भीड़
जानकारी के अनुसार, महिला अपने परिवार के कुछ सदस्यों के साथ होटल पहुंची थी। वहां कथित तौर पर उसने अपने पति को दूसरी महिला के साथ देख लिया। इसके बाद विवाद बढ़ गया और महिला दूसरी महिला को होटल से बाहर लेकर आई।
हंगामे के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान मौजूद लोगों ने मोबाइल फोन से घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
पति के डॉक्टर होने का दावा
बताया जा रहा है कि होटल में दूसरी महिला के साथ मिला व्यक्ति पेशे से डॉक्टर है। पुलिस सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि महिला पिछले कुछ दिनों से अपने पति की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से विस्तृत पुष्टि नहीं की गई है।
पुलिस मौके पर पहुंची, सभी पक्ष थाने पहुंचे
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। इसके बाद संबंधित लोगों को थाने ले जाया गया। मामले में महिला की ओर से अभद्रता को लेकर परिवाद भी दिया गया है।
महिला थाना बूंदी के थानाधिकारी दिनेश शर्मा ने बताया कि अभद्रता से संबंधित परिवाद प्राप्त हुआ है और उसकी जांच की जा रही है। उन्होंने मौके पर हुए पूरे घटनाक्रम की जानकारी होने से इनकार किया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की पुष्टि की जा रही है।

