अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा' को फिर बम से उड़ाने की धमकी, BMC ऑफिस और महालक्ष्मी रेसकोर्स का भी जिक्र

अमिताभ बच्चन को दूसरी बार धमकी भरा ई-मेल मिला है। मुंबई स्थित बंगले जलसा, बॉम्बे हाई कोर्ट और महालक्ष्मी रेसकोर्स का जिक्र किया गया। पुलिस जांच में जुटी है।

अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा' को फिर बम से उड़ाने की धमकी, BMC ऑफिस और महालक्ष्मी रेसकोर्स का भी जिक्र

बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन को एक बार फिर धमकी भरा ई-मेल मिला है। इस बार भी मुंबई स्थित उनके बंगले 'जलसा' को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को मिली इस ई-मेल की सूचना के बाद बंगले की तलाशी ली गई, लेकिन वहां कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। ई-मेल में बॉम्बे हाई कोर्ट और महालक्ष्मी रेसकोर्स का भी जिक्र किया गया था। इन जगहों पर भी जांच के दौरान कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली।

दूसरी बार मिला धमकी भरा ई-मेल

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ई-मेल की सच्चाई और इसे भेजने वाले की पहचान का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। इससे पहले 23 अक्टूबर को भी अमिताभ बच्चन को धमकी भरा ई-मेल मिला था। उस संदेश में उनके जुहू स्थित बंगले को निशाना बनाने की बात कही गई थी।

पहले मिले ई-मेल में मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े और डिप्टी मेयर संजय घाड़ी को भी धमकी भेजे जाने का जिक्र था। इसमें 31 अक्टूबर को एक स्कूल पर ग्रेनेड हमले की चेतावनी दी गई थी। साथ ही 31 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच अमिताभ बच्चन के घर पर हमले की धमकी दी गई थी।

ई-मेल में खालिस्तान और दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट का भी जिक्र

पहले धमकी भरे ई-मेल में खालिस्तान का जिक्र किया गया था। इसमें दावा किया गया था कि 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेसकोर्स में गायक दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के दौरान हमला किया जाएगा। इस संदेश के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने संबंधित स्थानों पर जांच और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई थी।

बुलेटप्रूफ घेरे के पीछे से प्रशंसकों से मिले अमिताभ

धमकी मिलने के बाद अमिताभ बच्चन की सुरक्षा को लेकर भी सतर्कता बढ़ाई गई। हर रविवार को अपने बंगले के बाहर प्रशंसकों से मिलने की परंपरा के दौरान अभिनेता इस बार पारदर्शी बुलेटप्रूफ घेरे के पीछे नजर आए।

इस दौरान उनके साथ बेटे अभिषेक बच्चन और सुरक्षाकर्मी भी मौजूद थे। अमिताभ ने सुरक्षित घेरे के भीतर से प्रशंसकों की ओर हाथ हिलाकर उनका अभिवादन किया।

BMC मुख्यालय को लेकर भी किया गया था दावा

पहले मिले ई-मेल में बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) मुख्यालय में मेयर के कार्यालय को भी निशाना बनाने का दावा किया गया था। संदेश में दोपहर 3 बजकर 11 मिनट पर धमाके की बात कही गई थी। इसके बाद वहां तलाशी ली गई, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

फिलहाल पुलिस नए ई-मेल के स्रोत और उसे भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है। अब तक की तलाशी में जलसा, बॉम्बे हाई कोर्ट और महालक्ष्मी रेसकोर्स से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।