नोएडा में भीषण आग से 6 दुकानें चपेट में, दो सिलेंडरों में धमाके से मचा हड़कंप
नोएडा के सेक्टर-125 में कृष्णा फूड पॉइंट से आग फैलने की सूचना है। आग की चपेट में 5-6 दुकानें आईं और दो गैस सिलेंडरों में धमाके होने की बात सामने आई।
नोएडा के सेक्टर-125 में शनिवार दोपहर आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते 5 से 6 दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग सेक्टर-125 स्थित कृष्णा फूड पॉइंट से शुरू हुई और आसपास की दुकानों तक पहुंच गई। घटना थाना सेक्टर-126 क्षेत्र की है।
दो सिलेंडरों में धमाके, आसमान में छाया धुआं
आग के दौरान होटल और दुकानों में रखे दो गैस सिलेंडरों में धमाके होने की सूचना है। धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। आग से उठता काला धुआं दूर तक दिखाई दिया। शुरुआती जानकारी में शॉर्ट सर्किट को आग की संभावित वजह बताया जा रहा है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए दमकलकर्मियों ने प्रयास शुरू किए। पुलिस ने मौके पर जुटी भीड़ को दूर रखने और इलाके में व्यवस्था बनाए रखने के लिए मोर्चा संभाला।
आग लगने के कारणों की जांच
फिलहाल आग लगने की वास्तविक वजह और नुकसान का आकलन जांच के बाद स्पष्ट होगा। उपलब्ध जानकारी में किसी के घायल होने या हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं है।

