Firozpur Firing: मामदोट में आप नेता के करीबी की गोली मारकर हत्या, एक गंभीर; हमलावरों की पहचान का दावा
पंजाब के फिरोजपुर के मामदोट में दिनदहाड़े फायरिंग में 45 वर्षीय गुरप्रीत सिंह की मौत हो गई, जबकि हरप्रीत सिंह गंभीर घायल है। पुलिस चुनावी रंजिश के एंगल से जांच कर रही है।
पंजाब के फिरोजपुर जिले के मामदोट कस्बे में रविवार को दिनदहाड़े गोलीबारी से सनसनी फैल गई। कार सवार हमलावरों ने मोटरसाइकिल सवार दो लोगों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। वारदात में 45 वर्षीय गुरप्रीत सिंह की मौत हो गई, जबकि हरप्रीत सिंह गंभीर रूप से घायल है। उसे इलाज के लिए रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, गोलीबारी के वक्त आम आदमी पार्टी के नगर पंचायत प्रधान विक्की मेनी भी मौके पर मौजूद थे। वह इस हमले में बाल-बाल बच गए। मृतक गुरप्रीत सिंह को विक्की मेनी का करीबी बताया जा रहा है।
चुनावी रंजिश में वारदात की आशंका
फिरोजपुर के एसएसपी भूपेंद्र सिंह सिद्धू ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला पुरानी चुनावी रंजिश से जुड़ा हुआ सामने आ रहा है। पुलिस ने हमलावरों की पहचान कर लेने का दावा किया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग जगहों पर दबिश दी जा रही है।
एसएसपी ने कहा कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस गोलीबारी के पीछे के अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।
अस्पताल पहुंचने से पहले हो चुकी थी मौत
सिविल अस्पताल के डॉक्टर के मुताबिक, करीब 8 बजे दो घायल लोगों को अस्पताल लाया गया था। इनमें गुरप्रीत सिंह की पहले ही मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरे व्यक्ति को गोली लगी थी। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे आगे रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।

