Women Asia Cup 2026: भारत ने श्रीलंका को 72 रन से हराकर 8वीं बार जीता एशिया कप, रचा इतिहास
Women Asia Cup 2026 Final: भारतीय महिला टीम ने फाइनल में श्रीलंका को 72 रन से हराकर रिकॉर्ड 8वीं बार एशिया कप का खिताब जीता। भारत ने 183/5 का स्कोर बनाया, जिसके जवाब में श्रीलंका 111 रन पर ऑलआउट हो गया।
Women Asia Cup 2026 Final: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशिया कप 2026 के फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 72 रन से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 183 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका की पूरी टीम 20 ओवर में 111 रन पर ऑलआउट हो गई।
इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने 8वीं बार एशिया कप का खिताब अपने नाम किया। भारत ने वनडे फॉर्मेट में खेले गए चारों एशिया कप खिताब जीते हैं, जबकि टी20 फॉर्मेट में भी यह भारत की चौथी खिताबी जीत है।
शेफाली और स्मृति ने दिलाई शानदार शुरुआत
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 129 रन की बड़ी साझेदारी की।
शेफाली वर्मा ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 39 गेंदों पर 68 रन बनाए। उनकी पारी में 9 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। वहीं, स्मृति मंधाना ने भी शानदार अर्धशतक लगाया और 39 गेंदों पर 59 रन बनाए। उनकी पारी में 5 चौके और 3 छक्के शामिल रहे।
हालांकि, दोनों के आउट होने के बाद भारतीय पारी की रफ्तार थोड़ी धीमी हुई। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 14 रन, ऋचा घोष ने 17 रन बनाए। आखिर में गुनालन कमलिनी ने 5 गेंदों पर 15 रन बनाकर टीम का स्कोर 183 रन तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया।
दीप्ति शर्मा और श्री चरणी की शानदार गेंदबाजी
184 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने महज 4 रन के स्कोर पर पहला विकेट गंवा दिया। इसके बाद कप्तान चमारी अथापथु ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा।
मध्य ओवरों में दीप्ति शर्मा ने एक ही ओवर में दो विकेट लेकर मुकाबले का रुख भारत की ओर मोड़ दिया। इसके बाद श्रीलंका की बल्लेबाजी बिखरती चली गई।
भारत की ओर से श्री चरणी ने 4 ओवर में 20 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। वहीं, दीप्ति शर्मा ने 4 ओवर में 19 रन देकर 3 विकेट लिए। प्रेमा रावत, शेफाली वर्मा और क्रांति गौड़ को भी एक-एक सफलता मिली।
2024 की हार का भारत ने लिया बदला
भारत और श्रीलंका की महिला टीमें इससे पहले 2024 एशिया कप के फाइनल में भी आमने-सामने हुई थीं। उस मुकाबले में श्रीलंका ने भारत को हराकर खिताब जीता था। इस बार फाइनल में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 72 रन से मात दी और पिछली हार का बदला भी ले लिया।
भारत की यह जीत महिला एशिया कप में उसके दबदबे को एक बार फिर दिखाती है। टीम इंडिया ने अब तक वनडे और टी20 दोनों फॉर्मेट में कुल 8 एशिया कप खिताब अपने नाम किए हैं।

