Kota DSP Giriraj Garg Death: 56 साल के DSP गिरिराज गर्ग का निधन, मांडलगढ़ में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
कोटा में 14वीं आरएसी में तैनात डीएसपी गिरिराज गर्ग का 56 साल की उम्र में निधन हो गया। मांडलगढ़ में शुक्रवार शाम राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
Kota DSP Giriraj Garg Death: कोटा में 14वीं आरएसी (खनन) में तैनात डीएसपी गिरिराज गर्ग का 56 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। बुधवार शाम क्वार्टर पर अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद साथी पुलिसकर्मी उन्हें निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। उपचार के दौरान गुरुवार तड़के करीब 3 से 4 बजे के बीच उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर आरएसी और दादाबाड़ी थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिवार शव को भीलवाड़ा जिले के मांडलगढ़ ले गया, जहां शुक्रवार शाम 4 बजे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
मार्च में हार्ट ब्लॉकेज के बाद लगा था स्टेंट
परिजनों के मुताबिक, डीएसपी गिरिराज गर्ग को पहले से हृदय संबंधी बीमारी थी। इसी साल मार्च में उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें जयपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
जांच में हार्ट की आर्टरी में ब्लॉकेज मिलने के बाद उनकी एंजियोप्लास्टी की गई थी और स्टेंट लगाया गया था। इसके बाद वह अपनी ड्यूटी कर रहे थे।
अगस्त में 14वीं आरएसी में किया था ज्वॉइन
गिरिराज गर्ग ने अगस्त 2026 में 14वीं आरएसी (खनन) में ज्वॉइन किया था। जानकारी के अनुसार, पुलिस सेवा में उनकी करीब चार साल की सेवा अभी बाकी थी।
बुधवार रात उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने की सूचना स्टाफ ने परिवार को दी। बेटे प्रज्ज्वल गर्ग और परिवार के अन्य सदस्य इसके बाद कोटा पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
परिवार में पत्नी, दो बेटे और बुजुर्ग पिता
डीएसपी गिरिराज गर्ग का परिवार मूल रूप से भीलवाड़ा जिले के मांडलगढ़ का रहने वाला है। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटे, बुजुर्ग पिता और दो भाई हैं।
निधन की सूचना के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को मांडलगढ़ ले गए, जहां पुलिस सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

