कोटा के सीबी गार्डन में पैंथर की दस्तक, पेड़ पर चढ़ा तो मचा हड़कंप; रेस्क्यू के लिए बुलाई गई क्रेन
कोटा के सीबी गार्डन में मॉर्निंग वॉक के दौरान लोगों को पैंथर दिखाई दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। पेड़ पर चढ़े पैंथर को क्रेन की मदद से ट्रेंकुलाइज कर सुरक्षित रेस्क्यू करने की तैयारी की जा रही है।
कोटा के सीबी गार्डन में मंगलवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मॉर्निंग वॉक पर पहुंचे लोगों को गार्डन परिसर में पैंथर नजर आया। अचानक जंगली जानवर को सामने देखकर लोग सुरक्षित जगह की तरफ भागने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और इलाके को सुरक्षित करने के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
ऊंचे पेड़ पर जा बैठा पैंथर
वन विभाग की टीम ने पैंथर की लोकेशन तलाशने के बाद उसे पकड़ने की तैयारी शुरू की। इसी दौरान पैंथर एक ऊंचे पेड़ पर चढ़ गया। काफी ऊंचाई पर होने के कारण जमीन से ट्रेंकुलाइज करना मुश्किल हो रहा था। ऐसे में रेस्क्यू टीम के सामने चुनौती बढ़ गई।
स्थिति को देखते हुए वन विभाग ने क्रेन की मदद लेने का फैसला किया। क्रेन को मौके पर बुलाया गया है, ताकि टीम पेड़ के करीब सुरक्षित ऊंचाई तक पहुंच सके और पैंथर को ट्रेंकुलाइज करने का प्रयास किया जा सके।
पुलिस और वन विभाग ने संभाला मोर्चा
पैंथर की सूचना के बाद मौके पर पुलिस अधिकारियों के साथ वन विभाग की टीम भी पहुंची। एडिशनल एसपी सुभाष मिश्रा ने भी मौके का जायजा लिया। टीम ने गार्डन में लोगों की आवाजाही पर निगरानी बढ़ा दी और पैंथर की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
लोगों को सुरक्षित रखना पहली प्राथमिकता
सीबी गार्डन में पैंथर की मौजूदगी के बाद मॉर्निंग वॉक करने वालों को वहां से दूर रखा गया है। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
वन विभाग की कोशिश है कि पैंथर को बिना नुकसान पहुंचाए सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया जाए। फिलहाल क्रेन की मदद से ट्रेंकुलाइज करने की तैयारी चल रही है। ऑपरेशन पूरा होने तक पुलिस और वन विभाग की टीमें मौके पर तैनात रहेंगी।

