भरतपुर जिला प्रमुख चुनाव को लेकर सियासी घमासान, डोटासरा बोले- दबाव और लालच के बावजूद कांग्रेस का ही बनेगा बोर्ड
भरतपुर जिला परिषद बोर्ड गठन को लेकर घमासान तेज। गोविंद सिंह डोटासरा ने बीजेपी पर सदस्यों को प्रलोभन देने और सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाया।
राजस्थान में पंचायत चुनाव के नतीजों के बाद अब जिला परिषदों में बोर्ड गठन को लेकर सियासी खींचतान तेज हो गई है। भरतपुर जिला परिषद में बहुमत जुटाने की कोशिशों के बीच कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भाजपा पर निर्वाचित जिला परिषद सदस्यों को प्रलोभन देने और सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के 18 निर्वाचित सदस्य पार्टी के साथ हैं और भरतपुर में कांग्रेस का ही जिला परिषद बोर्ड बनेगा।
डोटासरा का दावा- कांग्रेस को पंचायत चुनाव में बढ़त
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने 23 नवंबर को जयपुर में प्रेस वार्ता के दौरान पंचायत चुनाव के नतीजों को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में कांग्रेस के समर्थन से 300 से अधिक पंचायत समितियों में बहुमत मिला है, जबकि भाजपा को केवल 62 पंचायत समितियों में बहुमत हासिल हुआ है। डोटासरा के मुताबिक जिला परिषदों में भी कांग्रेस को बड़ी बढ़त मिली है। उन्होंने कहा कि भाजपा को केवल 5 या 6 जिला परिषदों में बहुमत मिला है, जबकि 27 में कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत है और अन्य जगहों पर भी पार्टी बोर्ड बनाने की स्थिति में है।
डोटासरा ने दावा किया कि जिला परिषद के करीब 50 प्रतिशत वार्ड कांग्रेस ने जीते हैं, जबकि भाजपा का वोट शेयर लगभग 28 प्रतिशत रहा। पंचायत समितियों में कांग्रेस की हिस्सेदारी 62 प्रतिशत बताई। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव में कांग्रेस का वोट शेयर भाजपा से करीब 5.45 प्रतिशत अधिक रहा है। उनके अनुसार विधानसभा चुनाव में भाजपा की बढ़त करीब ढाई प्रतिशत और लोकसभा चुनाव में 15 प्रतिशत थी, लेकिन पंचायत चुनाव में जनता ने सरकार के खिलाफ जनादेश दिया है।

तीन पार्षदों को साथ ले जाने का आरोप
भरतपुर जिला परिषद में बोर्ड गठन को लेकर डोटासरा ने भाजपा पर निर्वाचित सदस्यों को तोड़ने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के चुनाव चिह्न पर जीते 18 जिला परिषद सदस्य पार्टी कार्यालय में मौजूद हैं, जबकि तीन सदस्यों को भाजपा के लोग अपने साथ ले गए हैं। डोटासरा ने अंजू कुमारी, ओमवती और अशोक साहू के नाम लेते हुए आरोप लगाया कि सरकारी तंत्र का इस्तेमाल कर उन्हें कांग्रेस से दूर किया गया।
उन्होंने दावा किया कि सदस्यों को 60 से 70 लाख रुपये तक का प्रलोभन देने की बात सामने आई है। साथ ही उन्हें डराने और दबाव बनाने के आरोप भी लगाए। डोटासरा के अनुसार कांग्रेस के ये सदस्य पहले चौमूं के एक होटल में ठहरे हुए थे, जहां पुलिस अधिकारियों पर उन्हें भाजपा के पक्ष में जाने के लिए दबाव डालने का आरोप है। उन्होंने कहा कि पार्टी के सदस्य बिना किसी लोभ-लालच के कांग्रेस के साथ खड़े हैं।
मुख्यमंत्री के गृह जिले में साख बचाने की कोशिश का आरोप
डोटासरा ने आरोप लगाया कि पंचायत चुनाव में हार के बावजूद भाजपा मुख्यमंत्री के गृह जिले भरतपुर में जिला प्रमुख का पद हासिल करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस समर्थित सदस्यों को प्रलोभन और दबाव के जरिए अपने पक्ष में करने का प्रयास किया जा रहा है। डोटासरा ने इसे लोकतंत्र और चुनाव की निष्पक्षता पर हमला बताया।
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा
प्रेस वार्ता में डोटासरा ने राज्य सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी, किसानों और युवाओं के मुद्दों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार को इन आरोपों पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने ACB में दर्ज मुकदमे का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। ये सभी आरोप डोटासरा ने प्रेस वार्ता में लगाए हैं।

डोटासरा की चेतावनी- भरतपुर में कांग्रेस का ही बोर्ड बनेगा
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष और पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि पार्टी अपने निर्वाचित सदस्यों के साथ खड़ी है और किसी भी दबाव के आगे नहीं झुकेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र की रक्षा के लिए धरना और आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगी। डोटासरा ने भरोसा जताया कि भरतपुर जिला परिषद में कांग्रेस का ही बोर्ड बनेगा।

