दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला, 5 घायल; आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने चलाई गोली
दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में पूछताछ के दौरान युवक ने पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला किया। पांच पुलिसकर्मी घायल, तीन की हालत गंभीर।
दिल्ली के जामा मस्जिद पुलिस थाने में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पूछताछ के लिए बुलाए गए एक युवक ने पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद आरोपी थाने से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। इस दौरान आरोपी भी घायल हुआ है।
मां और बहन को परेशान करने की मिली थी शिकायत
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की मां और बहन को परेशान किए जाने की शिकायत मिली थी। इसी मामले में पुलिस ने नबील नाम के युवक को 23 नवंबर को दोपहर करीब ढाई बजे पूछताछ के लिए जामा मस्जिद थाने बुलाया था। पूछताछ के दौरान ही उसने पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए।
थाने से भागकर दोपहिया वाहन भी छीना
हमले के बाद आरोपी पुलिस थाने से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, भागने के दौरान उसने एक दोपहिया वाहन भी लूट लिया। इसके बाद पुलिस की टीमों ने उसकी तलाश शुरू की। सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की ऑपरेशंस यूनिट ने पीछा करते हुए उसे चितली कब्र इलाके में खोज निकाला।
दोबारा हमले के बाद पुलिस ने की जवाबी कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को पकड़ने की कोशिश के दौरान उसने फिर पुलिसकर्मियों पर हमला किया। स्थिति को नियंत्रित करने और खतरे को टालने के लिए पुलिस टीम ने गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया, जिसके बाद उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
तीन पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर
घायल पांच पुलिसकर्मियों में से तीन को गंगाराम अस्पताल और दो को संजीवनी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीन की हालत गंभीर बताई गई है। फिलहाल घायलों का उपचार जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।

