कुलगाम में 2 आतंकी ढेर, लश्कर कमांडर लतीफ भट भी मारा गया
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में दो आतंकियों को मार गिराया। इनमें लश्कर कमांडर लतीफ भट शामिल है, जिस पर CRPF जवानों पर हमले का आरोप था।
कुलगाम में CRPF जवानों पर हमला करने वाले 2 आतंकी ढेर, लश्कर कमांडर लतीफ भट भी मारा गया
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। CRPF जवानों पर पांच दिन पहले हमला करने वाले दो आतंकियों को सुरक्षाबलों ने लारू इलाके में मुठभेड़ के दौरान मार गिराया। मारे गए आतंकियों में लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर लतीफ भट भी शामिल है। कश्मीर जोन पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी पुष्टि की है। दूसरे आतंकी की पहचान उमर के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, आतंकियों की मौजूदगी का इनपुट मिलने के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने लारू इलाके में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया था। इसी दौरान संदिग्ध ठिकाने के पास पहुंचते ही छिपे आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई के बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। करीब तीन घंटे तक चले अभियान में दोनों आतंकियों को मार गिराया गया।
स्कूलों से बच्चों को सुरक्षित निकाला
मुठभेड़ के दौरान एहतियात के तौर पर सुरक्षाबलों ने आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी। ऑपरेशन के दौरान नजदीकी स्कूलों से बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, ताकि उन्हें किसी तरह का खतरा न हो।
11 नवंबर को CRPF जवानों पर हुआ था हमला
दरअसल, 11 नवंबर को कुलगाम जिले के नौपोरा अखरान इलाके में बाइक सवार हमलावरों ने CRPF के अखरान कैंप के पास नाका ड्यूटी पर तैनात जवानों को निशाना बनाया था। इस हमले में तीन जवान घायल हुए थे। रिपोर्ट के मुताबिक, हमलावरों ने करीब 15 सेकेंड में 30 राउंड फायरिंग की थी। घटना के बाद से ही सुरक्षाबल हमलावरों की तलाश में अभियान चला रहे थे।
घायल जवानों की पहचान हेड कॉन्स्टेबल सोमवीर और कॉन्स्टेबल संतानो तथा राकेश दास के रूप में हुई थी। तीनों CRPF की 46वीं बटालियन में तैनात हैं।
कई आतंकी घटनाओं में शामिल होने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, मारा गया लतीफ भट इस साल कुलगाम और अनंतनाग में हुई कई आतंकी घटनाओं में शामिल था। इनमें अनंतनाग के लाल चौक में पुलिसकर्मियों की हत्या और कुलगाम में दो प्रवासी मजदूरों की हत्या की घटनाएं भी शामिल बताई गई हैं।
इस कार्रवाई को हालिया CRPF हमले के बाद सुरक्षाबलों के अभियान में बड़ी सफलता माना जा रहा है। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है और अभियान से जुड़ी आगे की जानकारी का इंतजार है।

