कुर्ला में बड़ा हादसा: घर पर आ गिरी क्रेन, JCB शिफ्टिंग के दौरान मचा हड़कंप; कई घायल
मुंबई के कुर्ला स्थित कुरैशी नगर में निर्माण कार्य के दौरान JCB शिफ्ट कर रही क्रेन गिर गई। हादसे में कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस और रेलवे ने जांच शुरू कर दी है।
Mumbai Kurla Crane Accident: मुंबई के कुर्ला इलाके के कुरैशी नगर में शुक्रवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। निर्माण कार्य के दौरान JCB मशीन को शिफ्ट कर रही क्रेन अचानक गिर गई और पास के एक घर को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना रात करीब 2:40 बजे की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसे में 8 से 10 लोग घायल हुए हैं, जबकि सेंट्रल रेलवे ने फिलहाल 2 लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। अभी तक किसी की मौत की सूचना नहीं है।
रेलवे लाइन पर भी गिरी क्रेन
सेंट्रल रेलवे के अनुसार, MMRDA की ओर से निर्माण स्थल पर काम कर रही क्रेन कुर्ला और ट्रॉम्बे के बीच रेलवे लाइन के पास गिर गई। यह लाइन मुख्य रूप से मालगाड़ियों के लिए इस्तेमाल होती है, इसलिए ट्रेन सेवाओं पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित टीमें मौके पर पहुंचीं। घटनास्थल पर राहत और मलबा हटाने का काम जारी रहा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

MMRDA के काम के दौरान हुआ हादसा
बताया गया है कि इलाके में MMRDA का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान क्रेन की मदद से JCB को दूसरी जगह शिफ्ट किया जा रहा था। इसी प्रक्रिया में क्रेन और मशीन के गिरने से हादसा हुआ।
फिलहाल घायलों की सही संख्या को लेकर अलग-अलग जानकारी सामने आई है। रेलवे ने 2 लोगों के घायल होने की पुष्टि की है, जबकि स्थानीय लोगों ने घायलों की संख्या 8 से 10 बताई है। प्रशासन की ओर से मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

