थाने के सामने पत्थर से सिर कुचलकर युवक की हत्या, आरोपी गिरफ्तार; गुस्साए लोगों ने लगाया जाम

अलवर के बड़ौदामेव में थाने के सामने युवक सेकून खान की पत्थर से सिर पर हमला कर हत्या कर दी गई। आरोपी गिरफ्तार है। घटना के विरोध में लोगों ने सड़क पर जाम लगाया।

थाने के सामने पत्थर से सिर कुचलकर युवक की हत्या, आरोपी गिरफ्तार; गुस्साए लोगों ने लगाया जाम

अलवर के बड़ौदामेव में थाने के सामने एक युवक की पत्थर से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक बाइक का टायर खरीदने के लिए बाजार आया था। वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए अलवर-भरतपुर मार्ग पर जाम लगा दिया।

बैंक से लौटते समय किया हमला

मृतक की पहचान बड़ा वास निवासी सेकून खान (40) पुत्र नसरू खान के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार सेकून अपने गांव के नूर मोहम्मद को बैंक में छोड़ने के बाद थाने के सामने से होकर गुजर रहा था।

इसी दौरान हर्ष मूर्तिकार नामक युवक वहां पहुंचा और सड़क पर पड़े पत्थर यानी पट्टी के टुकड़े से सेकून के सिर पर हमला कर दिया।

अस्पताल ले जाते समय मौत

हमले के बाद सेकून गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उसे बड़ौदामेव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे अलवर रेफर कर दिया।

हालांकि अलवर ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को अलवर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस वारदात के पीछे की वजह और घटनाक्रम की जांच कर रही है।

वहीं, हत्या की खबर फैलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।

अलवर-भरतपुर मार्ग पर लगाया जाम

घटना के विरोध में परिजन और ग्रामीण अलवर जिला अस्पताल तथा बड़ौदामेव थाने के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। लोगों ने अलवर-भरतपुर मार्ग पर भी जाम लगा दिया, जिसके कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

परिजनों और ग्रामीणों की ओर से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है। सेकून खान के पीछे तीन बच्चे हैं। पुलिस और प्रशासन प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को संभालने में जुटे हैं।