Alwar News: नगर निगम चुनाव में BJP के समर्थन में CM भजनलाल शर्मा का रोड शो, मंत्री की तबीयत बिगड़ी

अलवर नगर निगम चुनाव में भाजपा के समर्थन में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रोड शो किया। इस दौरान वन राज्यमंत्री संजय शर्मा की तबीयत बिगड़ने और हाई सिक्योरिटी के बीच भाजपा कार्यकर्ता का करीब सवा लाख रुपये का मोबाइल गायब होने का मामला भी सामने आया।

Alwar News: नगर निगम चुनाव में BJP के समर्थन में CM भजनलाल शर्मा का रोड शो, मंत्री की तबीयत बिगड़ी

अलवर नगर निगम चुनाव में भाजपा के समर्थन में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को अलवर में रोड शो किया। हेलीकॉप्टर से अलवर पहुंचने पर हेलीपैड पर केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, वन राज्यमंत्री संजय शर्मा, पूर्व सांसद डॉ. करण सिंह, रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह समेत भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

इसके बाद मुख्यमंत्री जगन्नाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना की। मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उनका स्वागत किया गया। पूजा के बाद मुख्यमंत्री खुली जीप में सवार हुए और शहर के प्रमुख बाजारों से रोड शो किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह नजर आया। भाजपा ने नगर निगम के सभी वार्डों में जीत का दावा किया है।

रोड शो के दौरान मंत्री की तबीयत बिगड़ी

रोड शो के दौरान वन राज्यमंत्री संजय शर्मा की अचानक तबीयत बिगड़ गई। वह मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ खुली जीप में सवार थे। असहज महसूस होने पर उन्होंने जीप में ही नीचे बैठकर कुछ देर आराम किया।

मंत्री की तबीयत बिगड़ने के कारण मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं और नेताओं में भी हलचल देखने को मिली।

हाई सिक्योरिटी के बीच कार्यकर्ता का मोबाइल गायब

मुख्यमंत्री के रोड शो के दौरान हाई सिक्योरिटी के बावजूद एक भाजपा कार्यकर्ता का करीब सवा लाख रुपये कीमत का मोबाइल फोन गायब हो गया। बताया गया कि जगन्नाथ मंदिर से रोड शो शुरू होने के दौरान कार्यकर्ता का मोबाइल कहीं गुम हो गया। मोबाइल गायब होने के बाद कार्यकर्ता परेशान नजर आया।

युवाओं के रोजगार पर बोले मुख्यमंत्री

रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने युवाओं के रोजगार को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं पर भी बात की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लगातार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, युवाओं के लिए सरकारी नौकरियों के साथ-साथ निजी क्षेत्र में भी रोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं, ताकि उन्हें उनकी योग्यता के अनुसार बेहतर क्षेत्र में काम करने का अवसर मिल सके।