चुनावी जीत के जश्न में एयरगन लहराना पड़ा भारी, वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने युवक को दबोचा

राजसमंद के भीम में वार्ड पंच चुनाव की जीत के जश्न में एयरगन लहराने का वीडियो वायरल हुआ। पुलिस ने 32 वर्षीय चेतन सिंह को गिरफ्तार कर एयरगन बरामद की।

चुनावी जीत के जश्न में एयरगन लहराना पड़ा भारी, वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने युवक को दबोचा

राजस्थान के राजसमंद जिले में वार्ड पंच चुनाव में जीत के जश्न के दौरान एयरगन लहराना एक युवक को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से एयरगन भी बरामद की है। मामला भीम थाना क्षेत्र का है।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से हुई पहचान

जानकारी के अनुसार, वार्ड पंच चुनाव में जीत के जश्न के दौरान एक युवक एयरगन लहराते हुए दिखाई दिया था। वीडियो में वह हथियार का सार्वजनिक रूप से प्रदर्शन करता नजर आया। वीडियो सामने आने के बाद राजसमंद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी की पहचान की।

पुलिस अधीक्षक महेंद्र पारिक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीष रंजन के निर्देशन में कार्रवाई के लिए विशेष टीम गठित की गई।

32 वर्षीय चेतन सिंह गिरफ्तार

भीम थाना अधिकारी आईदान सिंह रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। उसकी पहचान चेतन सिंह पुत्र मदन सिंह रावत (32), निवासी आडू मगरा, कोटड़ा, थाना भीम के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एयरगन बरामद की है। उसके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126/170 के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने लोगों से की अपील

राजसमंद पुलिस ने आमजन से सार्वजनिक स्थानों पर हथियार या हथियार जैसी दिखने वाली वस्तुओं का प्रदर्शन नहीं करने की अपील की है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो साझा करने से भी बचने को कहा है, जिनसे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

पुलिस के अनुसार, शांति और सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को देनी चाहिए।

कार्रवाई करने वाली टीम में ये पुलिसकर्मी शामिल

इस कार्रवाई में भीम थाना अधिकारी आईदान सिंह रावत, सहायक उप निरीक्षक दिलीप कुमार, सोशल मीडिया सेल के कांस्टेबल रतन लाल, नरेंद्र कुमार, भारत सिंह, नवीन और चालक हंसराज शामिल रहे।