पिता की हत्या का बदला लेने के लिए रची गई विजय बाजिया की हत्या की साजिश, 7007 गैंग बनाकर दिया वारदात को अंजाम

जयपुर के विजय बाजिया हत्याकांड में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में पिता की हत्या का बदला लेने के लिए 7007 गैंग बनाकर साजिश रचने की बात सामने आई है।

पिता की हत्या का बदला लेने के लिए रची गई विजय बाजिया की हत्या की साजिश, 7007 गैंग बनाकर दिया वारदात को अंजाम

जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर विजय चौधरी उर्फ विजय बाजिया की हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच के अनुसार, करीब सात साल पुरानी रंजिश के चलते हत्या की साजिश रची गई थी। आरोप है कि मुख्य आरोपी अनीश गोल्या ने अपने पिता की हत्या का बदला लेने के लिए 7007 नाम से गैंग बनाई और साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल कैंपर गाड़ी भी जब्त कर ली है।

अनीश को बताया गया साजिश का मास्टरमाइंड

डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण के अनुसार, पुलिस ने अनीश गोल्या उर्फ जग्गू, कमलेश गोल्या उर्फ कमल उर्फ जोरू, युवराज चौधरी (23) और जोबनेर निवासी दिनेश चौधरी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस की जांच में अनीश को हत्या की साजिश का मुख्य आरोपी बताया गया है। जांच के मुताबिक, वर्ष 2019 में तिबारियां निवासी कैलाश की हत्या हुई थी। विजय बाजिया पर इस मामले में शामिल होने का आरोप था और वह जेल भी गया था। इसी घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच रंजिश शुरू हुई थी।

पुलिस का कहना है कि अनीश ने अपने पिता की मौत का बदला लेने के लिए साथियों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई थी।

पहले कैंपर से कार को मारी टक्कर, फिर कुल्हाड़ी से हमला

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि वारदात वाले दिन विजय और अनीश के बीच बहस हुई थी। इसके बाद अनीश ने कथित तौर पर अपने तीन साथियों के साथ मिलकर विजय पर हमला करने की योजना बनाई और कुल्हाड़ी खरीदी।

पुलिस के मुताबिक, विजय अपनी कार से कालवाड़ रोड की ओर जा रहा था। इसी दौरान कैंपर सवार आरोपियों ने उसका पीछा किया। विजय ने बचने के लिए रावण गेट की तरफ कार दौड़ाई, लेकिन बदमाशों ने कैंपर से उसकी कार को टक्कर मार दी।

कार क्षतिग्रस्त होने के बाद विजय बाहर निकला और भागने लगा। आरोप है कि हमलावरों ने उसका पीछा कर उसे घेर लिया और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। गंभीर हालत में विजय को कांवटिया अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हत्या में इस्तेमाल कैंपर गाड़ी जब्त

पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ वारदात में इस्तेमाल कैंपर गाड़ी भी जब्त की है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि हत्या की साजिश और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा सके।

विजय चौधरी उर्फ विजय बाजिया जोबनेर थाने का हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में 15 आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है। इनमें हत्या के मामले भी शामिल बताए गए हैं।