गांवों की सरकार में पढ़े-लिखों की बाढ़: सीकर जिला परिषद के 49 वार्डों में 163 उम्मीदवार, डॉक्टर-इंजीनियर से लेकर वकील तक मैदान में

सीकर जिला परिषद के 49 वार्डों में 163 प्रत्याशी मैदान में, 87% उच्च शिक्षित। डॉक्टर, इंजीनियर, वकील आजमा रहे किस्मत। पहले चरण में कुल 647 उम्मीदवार।

गांवों की सरकार में पढ़े-लिखों की बाढ़: सीकर जिला परिषद के 49 वार्डों में 163 उम्मीदवार, डॉक्टर-इंजीनियर से लेकर वकील तक मैदान में

सीकर। पंचायतीराज चुनाव के पहले चरण में सीकर जिला परिषद की सियासी जंग रोचक होती जा रही है। जिला परिषद के 49 वार्डों में 163 प्रत्याशी चुनावी मैदान में डटे हैं और इनमें डॉक्टर, इंजीनियर, वकील से लेकर एमए-बीएड डिग्रीधारी तक शामिल हैं। पत्रिका की पड़ताल के मुताबिक सरकार ने इस बार भले ही चुनाव में छूट दी हो, लेकिन करीब 87 फीसदी प्रत्याशी उच्च शिक्षित हैं।

किस वार्ड में कौन कितना पढ़ा

वार्ड 1 में राजेश कुमार एलएलएम हैं, जबकि फूलाराम ने बीएससी तक पढ़ाई की है। वार्ड 2 की प्रत्याशी कृतिका चौधरी ने डॉक्टरी की पढ़ाई की है। वार्ड 3 में गणपति बाटड़ एमए, रजनी एमए-बीएड और बबीता बीएससी पास हैं।

वार्ड 11 से कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनीता गठाला मैदान में हैं, जो एमए पास हैं, वहीं महेन्द्र सिंह मुवाल बीएससी तक पढ़े हैं। वार्ड 12 में मुकेश खोखर बीए हैं और सुरेन्द्र सिंह इंजीनियरिंग कर चुके हैं।

भाजपा की पूर्व जिलाध्यक्ष इंदिरा चौधरी वार्ड 18 से उतरी हैं और उनके पास एमए व एलएलबी की डिग्री है। इसी वार्ड में संजू कुमावत एमए हैं। वार्ड 38 में रणवीर सिंह जाट और विजय खटकड़ स्नातक हैं। वार्ड 44 में ताराचंद धायल एमए-एलएलबी, रेखा जांगिड़ एमए और अनिल बुरड़क लॉ की पढ़ाई कर चुके हैं।

चुनाव में गूंज रहे मुद्दे

यमुना जल: शेखावाटी में पेयजल सबसे बड़ी समस्या है, इसलिए सभी दल इसी मुद्दे पर उतरने की तैयारी में हैं। भाजपा यमुना जल समझौते को भुनाना चाहती है, जबकि कांग्रेस और माकपा इसी पर सरकार को घेर रहे हैं। विपक्ष का आरोप है कि ढाई साल में भी सरकार काम शुरू नहीं करा सकी।

संभाग और जिला: कांग्रेस समेत विपक्षी दल भाजपा राज में सीकर संभाग और नीमकाथाना जिला रद्द होने का मुद्दा उठा रहे हैं। जहां यह मुद्दा कमजोर है, वहां विपक्ष स्थानीय मुद्दों से मतदाताओं को साध रहा है। कई पंचायत समिति क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशी चिकित्सा और सड़क जैसे कामों को लेकर जनता के बीच हैं।

जनता गिना रही समस्याएं, उम्मीदवार कर रहे वादे

पहले चरण में प्रचार अब रफ्तार पकड़ रहा है। ग्रामीण कृष्ण जाखड़ के मुताबिक नंदीशाला, हाईटेक अस्पताल, एंबुलेंस सेवा और ई-लाइब्रेरी जैसे मुद्दे चुनाव में गूंज रहे हैं और प्रत्याशी इनके समाधान के वादे कर रहे हैं।

पंचायत समितियों में 484 उम्मीदवार

पहले चरण में अजीतगढ़, खंडेला, नीमकाथाना, पाटन, पिपराली और श्रीमाधोपुर पंचायत समितियों के 140 वार्डों में 484 अभ्यर्थी मैदान में हैं।

कितने प्रत्याशी, कहां:

अजीतगढ़ – 55

खंडेला – 117

नीमकाथाना – 100

पाटन – 82

पिपराली – 54

श्रीमाधोपुर – 76

जिला परिषद वार्ड – 163

कुल – 647