खाटू श्याम के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार ट्रक में घुसी, 9 लोगों की मौत; 8 गंभीर घायल
राजस्थान के कोटा में खाटू श्याम के दर्शन कर महाराष्ट्र लौट रहे श्रद्धालुओं की क्रूजर वैन ट्रक से टकरा गई। हादसे में 9 लोगों की मौत और 8 घायल हुए।
राजस्थान के कोटा में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 9 लोगों की जान चली गई, जबकि 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर शंभूपुरा गांव के पास हुआ, जहां श्रद्धालुओं से भरी क्रूजर वैन सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। बताया जा रहा है कि वैन में सवार सभी लोग महाराष्ट्र के रहने वाले थे और खाटू श्याम मंदिर में दर्शन करने के बाद अपने घर लौट रहे थे।
खाटू श्याम के दर्शन कर महाराष्ट्र लौट रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, क्रूजर वैन में कुल 16 लोग सवार थे। सभी राजस्थान के सीकर जिले में स्थित खाटू श्याम मंदिर में दर्शन करने आए थे। दर्शन के बाद वे महाराष्ट्र लौट रहे थे। इसी दौरान कोटा के नाता थाना क्षेत्र में शंभूपुरा गांव के पास उनकी गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई।
हादसे में वैन सवार 9 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में ज्यादातर एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। मृतकों और घायलों में छोटे बच्चे भी शामिल हैं।
खराबी के कारण सड़क किनारे खड़ा था ट्रक
बताया जा रहा है कि ट्रक में कुछ तकनीकी खराबी आने के कारण चालक ने उसे सड़क किनारे खड़ा कर दिया था। मध्य प्रदेश निवासी ट्रक चालक मोहम्मद हारुन वाहन की जांच कर रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही क्रूजर वैन ने पहले उसे टक्कर मारी और फिर ट्रक में जा घुसी।
इस टक्कर में ट्रक चालक समेत 8 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासन के अधिकारी
हादसे की सूचना मिलते ही कोटा की एसपी तेजस्विनी गौतम समेत पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य के बाद घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। प्रशासन की ओर से घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर ध्यान दिया जा रहा है।
एक ही परिवार के थे सभी श्रद्धालु
एडिशनल डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर राजेश जोशी के मुताबिक, आधी रात के आसपास 16 लोगों को लेकर जा रही क्रूजर वैन शंभूपुरा के पास ट्रक से टकरा गई। हादसे में 9 लोगों की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि सभी लोग खाटू श्याम के दर्शन करके महाराष्ट्र लौट रहे थे और एक ही परिवार के थे।
फिलहाल मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। वहीं, अस्पताल में भर्ती घायलों का इलाज जारी है। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

