धनुष की 'ओम' ने 2 दिन में कमाए 33.50 करोड़, 2026 की इन 3 फिल्मों को छोड़ा पीछे
धनुष और साई पल्लवी की फिल्म ओम ने दो दिनों में 33.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। फिल्म ने 2026 की तीन फिल्मों की कमाई को पीछे छोड़ दिया है।
धनुष और साई पल्लवी की फिल्म 'ओम' (OM) रिलीज के बाद से बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म को समीक्षकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है, लेकिन दर्शकों के बीच इसे अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म ने महज दो दिनों में 33.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है। इसी के साथ इसने साल 2026 में रिलीज हुई तीन फिल्मों की कमाई को पीछे छोड़ दिया है।
दूसरे दिन भी जारी रहा फिल्म का शानदार प्रदर्शन
सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, 'ओम' ने रिलीज के दूसरे दिन भारत में 15.40 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। वहीं, फिल्म की दूसरे दिन की ग्रॉस कमाई 17.90 करोड़ रुपये रही। इस दिन फिल्म को कुल 6,488 शोज मिले और इसकी ऑक्यूपेंसी 42.3 प्रतिशत दर्ज की गई।
भाषा के हिसाब से देखें तो फिल्म के तमिल वर्जन ने दूसरे दिन 11.40 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इसे 3,768 शोज मिले और ऑक्यूपेंसी 50.1 प्रतिशत रही। तेलुगू वर्जन ने 3.50 करोड़ रुपये कमाए, जबकि इसके 1,645 शोज की ऑक्यूपेंसी 41.1 प्रतिशत रही। वहीं, हिंदी वर्जन से 50 लाख रुपये की कमाई हुई और इसकी ऑक्यूपेंसी 17 प्रतिशत दर्ज की गई।
पहले दिन से दूसरे दिन तक ऐसा रहा कलेक्शन
फिल्म ने पहले दिन भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छी शुरुआत की थी। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, पहले दिन 'ओम' ने 18.10 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। वहीं, पहले दिन की ग्रॉस कमाई 21 करोड़ रुपये रही थी।
दो दिनों के आंकड़ों को मिलाकर फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 33.50 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 38.90 करोड़ रुपये हो गया है।
इन तीन फिल्मों को छोड़ा पीछे
कोईमोई के मुताबिक, दो दिनों की कमाई के साथ 'ओम' ने साल 2026 की तीन फिल्मों के कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। इनमें 'बथ्था' (30.31 करोड़ रुपये), 'थलाइवर थम्बी थलाइमायिल' (30.13 करोड़ रुपये) और 'विद लव' (30.72 करोड़ रुपये) शामिल हैं।
फिल्म में नजर आ रहे हैं ये सितारे
'ओम' का निर्देशन राजकुमार पेरियासामी ने किया है। फिल्म में धनुष और साई पल्लवी के अलावा ममूटी, श्रीलीला और संजय स्वरूप जैसे कलाकार भी नजर आ रहे हैं।
फिल्म में धनुष ने एक लकड़हारे की भूमिका निभाई है, जबकि साई पल्लवी सीबीआई अधिकारी के किरदार में हैं। उनकी भूमिका अवैध लाल चंदन के कारोबार की जांच से जुड़ी है।
इस प्रोजेक्ट से नसीरुद्दीन शाह भी जुड़े हैं। फिल्म का निर्माण धनुष ने अपने प्रोडक्शन बैनर वंडरबार फिल्म्स के तहत किया है। श्रद्धा अग्रवाल और अजमत जगमग भी इसके निर्माता हैं। फिल्म की तकनीकी टीम में संगीतकार साई अभ्यंकर, सिनेमैटोग्राफर एज़िल अरासु के और एडिटर आर कलैवानन शामिल हैं।

