फुलेरा में फिर मचेगी सियासी हलचल, 3 दिसंबर को लौटेगी 'पंचायत'; बनराकस के नए दांव से बदलेगा गांव का माहौल!

Panchayat Season 5 की रिलीज डेट घोषित हो गई है। जितेंद्र कुमार की वेब सीरीज 3 दिसंबर 2026 से Prime Video पर स्ट्रीम होगी। जानें स्टारकास्ट और नए सीजन की पूरी जानकारी।

फुलेरा में फिर मचेगी सियासी हलचल, 3 दिसंबर को लौटेगी 'पंचायत'; बनराकस के नए दांव से बदलेगा गांव का माहौल!

फुलेरा गांव की राजनीति, प्रधान पद की खींचतान और ग्रामीणों की दिलचस्प नोकझोंक एक बार फिर दर्शकों का मनोरंजन करने आ रही है। लोकप्रिय वेब सीरीज 'पंचायत' के पांचवें सीजन की रिलीज डेट सामने आ गई है। लंबे समय से नए सीजन का इंतजार कर रहे दर्शकों को अब ज्यादा इंतजार नहीं करना होगा। यह सीरीज 3 दिसंबर 2026 से प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी। मेकर्स ने नए पोस्टर के साथ इसकी तारीख की आधिकारिक घोषणा की है।

बनराकस के बहाने चला अनोखा प्रमोशनल अभियान

सीजन 5 की रिलीज डेट बताने के लिए मेकर्स ने इस बार पारंपरिक प्रचार से हटकर एक मजेदार तरीका अपनाया। कहानी के चर्चित किरदार बनराकस यानी दुर्गेश कुमार को केंद्र में रखकर दर्शकों के लिए एक खास चुनौती शुरू की गई। इसमें बनराकस को गेंदे के फूलों की एक करोड़ फूलों वाली माला पहनाने का लक्ष्य रखा गया। दर्शकों की भागीदारी बढ़ने के बाद इस लक्ष्य को बढ़ाकर 10 करोड़ फूलों तक कर दिया गया।

इस अभियान को क्रांति देवी के किरदार सुनीता राजवर के एक दिलचस्प संदेश से जोड़ा गया था। कहानी के अंदाज में उन्होंने बनराकस से फुलेरा में अपने नए नेतृत्व के लिए सम्मान हासिल करने की बात कही। अभियान के दौरान करीब चार करोड़ फूलों का आंकड़ा पहुंचने की जानकारी सामने आई। हालांकि पूरा लक्ष्य हासिल होने से पहले ही मेकर्स ने पांचवें सीजन की रिलीज डेट घोषित कर दी।

3 दिसंबर से देख सकेंगे नया सीजन

प्राइम वीडियो ने सोशल मीडिया पर नया पोस्टर जारी करते हुए सीरीज की वापसी का ऐलान किया। पोस्ट के साथ लिखा गया संदेश भी फुलेरा के पुराने रंग में नजर आया- गांव में थोड़ी तकरार और थोड़ा प्यार फिर देखने को मिलेगा। यानी इस बार भी दर्शकों को ग्रामीण राजनीति, आपसी रिश्तों और हल्के-फुल्के हास्य का मेल देखने की उम्मीद है।

पुरानी स्टारकास्ट फिर संभालेगी मोर्चा

टीवीएफ के निर्माण में बनी इस सीरीज में जितेंद्र कुमार एक बार फिर अभिषेक त्रिपाठी के किरदार में दिखाई देंगे। उनके साथ रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, सुनीता राजवर, फैसल मलिक, चंदन रॉय, संविका, दुर्गेश कुमार और अशोक पाठक भी अपने पुराने किरदारों में लौटेंगे।

पिछले सीजन में फुलेरा की राजनीति और प्रधान पद को लेकर जिस तरह की उठापटक देखने को मिली थी, उसके बाद अब दर्शकों की नजर इस बात पर है कि नए सीजन में गांव की सत्ता किसके हाथ में जाएगी। बनराकस और क्रांति देवी की भूमिका क्या होगी और सचिव जी के सामने इस बार कौन-सी नई चुनौतियां आएंगी, इसका जवाब 3 दिसंबर को मिलेगा।