घास भैरू की सवारी में हिंसक झड़प, चाकूबाजी और मारपीट से 17 घायल; पांच घंटे तक हाईवे पर लगा जाम

बूंदी के देई में बाबा घास भैरू की सवारी के दौरान मारपीट और चाकूबाजी में 17 लोग घायल हुए। तीन गंभीर घायलों को बूंदी रेफर किया गया, जबकि भारी भीड़ से हाईवे पर पांच घंटे जाम लगा।

घास भैरू की सवारी में हिंसक झड़प, चाकूबाजी और मारपीट से 17 घायल; पांच घंटे तक हाईवे पर लगा जाम

राजस्थान के बूंदी जिले के देई कस्बे में बाबा घास भैरू की सवारी के दौरान मारपीट और चाकूबाजी की घटनाओं से तनाव की स्थिति बन गई। हिंसक झड़प में कुल 17 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। इनमें से तीन गंभीर घायलों को बूंदी रेफर किया गया। घटना के बाद पुलिस ने चाकूबाजी और मारपीट से जुड़े मामलों में जांच शुरू कर दी है। उधर, महोत्सव में उमड़ी भारी भीड़ के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर पांच घंटे तक जाम लगा रहा।

सवारी के दौरान मारपीट, तीन गंभीर घायलों को किया रेफर

पुलिस के अनुसार, घास भैरू की सवारी के दौरान एक दर्जन से अधिक लोग चोटिल हुए। देई निवासी बरजू (45) की पसलियां टूटने की बात सामने आई है। रामू मीणा (40) और मुकेश (35) को भी गंभीर चोटें आने पर बूंदी रेफर किया गया। वहीं, करवर निवासी राममूर्ति (40) की आंखों में जलन की शिकायत बताई गई। सवारी में शामिल लोगों के साथ कुछ दर्शक भी घायल हुए।

महावीर धाकड़ ने चाकू से हमला करने की दर्ज कराई रिपोर्ट

चाकूबाजी की घटना को लेकर महावीर धाकड़ ने थाने में शिकायत दी है। रिपोर्ट के अनुसार, सवारी के दौरान आधा दर्जन से अधिक लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके सिर पर चाकू से तीन-चार वार किए।

शिकायत में यह भी बताया गया है कि बीच-बचाव करने आए गणेश नागर और हनुमान नागर के साथ लकड़ियों और पाइपों से मारपीट की गई। थानाधिकारी हनुमान सहाय के मुताबिक, रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

घर में घुसकर तोड़फोड़ और छेड़छाड़ की दूसरी शिकायत

इस मामले के बाद एक युवती ने भी पुलिस को रिपोर्ट दी है। युवती का आरोप है कि कुछ लोग घर में घुस आए और तोड़फोड़ की। शिकायत में महिलाओं के साथ छेड़छाड़ किए जाने की बात भी कही गई है। पुलिस दोनों शिकायतों की अलग-अलग जांच कर रही है।

पीड़ित पक्ष के साथ नगरपालिका अध्यक्ष महावीर सोयल, वार्ड पार्षद सम्पत नागर और अन्य नगरवासी भी थाने पहुंचे। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पांच घंटे तक हाईवे पर जाम, जिला कलक्टर भी फंसे

प्रसिद्ध घास भैरू महोत्सव देखने के लिए उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, गुजरात और दिल्ली सहित कई राज्यों से हजारों लोग पहुंचे। भीड़ के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर दिनभर यातायात प्रभावित रहा। बड़ोदिया से तालाब गांव और बसोली मोड़ तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लोगों को दो से पांच घंटे तक जाम में फंसे रहना पड़ा। बूंदी जिला कलक्टर भी जाम में फंस गए।

बसोली मोड़ पर ओवरब्रिज और अंडरपास का निर्माण कार्य धीमी गति से चलने तथा बड़ोदिया मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ने से स्थिति और बिगड़ गई। सड़क पर एक कार में आग लगने और दूसरे वाहन के खराब होने से भी यातायात बाधित हुआ।

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बसोली, दबलाना और हिंडोली थानों से अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया, लेकिन वाहनों की संख्या अधिक होने से व्यवस्था संभालने में परेशानी आई। हिंडोली थाना अधिकारी अरविंद भारद्वाज ने बताया कि उम्मीद से ज्यादा भीड़ पहुंचने के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई और जाम के हालात बने।