Rajasthan Road Accident: डंपर और कार की आमने-सामने भिड़ंत, पति-पत्नी-बेटी समेत 4 की मौत
राजस्थान के डीडवाना-कुचामन जिले में मिठड़ी बाइपास पर डंपर और कार की आमने-सामने टक्कर में पति-पत्नी, उनकी बेटी और कार चालक समेत चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने डंपर जब्त कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
Rajasthan Road Accident: राजस्थान के डीडवाना-कुचामन जिले में गुरुवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। नावां क्षेत्र के मिठड़ी बाइपास पर मुरड़ से भरे डंपर और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार पति-पत्नी, उनकी बेटी और चालक समेत चार लोगों की मौत हो गई।
मिठड़ी बाइपास पर सुबह करीब 5 बजे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक हादसा गुरुवार सुबह करीब 5 बजे हुआ। कार जयपुर की ओर से आ रही थी और नावां होते हुए मिठड़ी की तरफ जा रही थी। इसी दौरान मिठड़ी बाइपास पर सामने से आ रहे मुरड़ से भरे डंपर से कार की भिड़ंत हो गई।
टक्कर के बाद कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। हादसे की सूचना मिलने पर नावां पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद शवों को कार से बाहर निकाला।
पति-पत्नी और बेटी समेत चार की मौत
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान लक्ष्मण सिंह (46), उनकी पत्नी तुलसी (45), बेटी शीतल (22) और कार चालक रामा किशन (35) के रूप में हुई है। लक्ष्मण सिंह का परिवार डीडवाना-कुचामन जिले के मिठड़ी के पास पालड़ी गांव में किराए के मकान में रह रहा था।
हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से इलाके में शोक का माहौल है।
स्वास्थ्य विभाग में ANM थीं तुलसी
मृतका तुलसी स्वास्थ्य विभाग में ANM के पद पर कार्यरत थीं। वह कासेड़ा उप स्वास्थ्य केंद्र में सेवाएं दे रही थीं।
पुलिस ने सभी शवों को नावां के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। उनके पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
डंपर जब्त, हादसे की जांच जारी
हादसे के बाद पुलिस ने डंपर को जब्त कर थाने भिजवा दिया है। क्षतिग्रस्त कार को भी सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया गया। दुर्घटना के बाद कुछ समय तक मौके पर वाहनों की कतार लगी रही।
नावां थानाधिकारी सुरेश चौधरी के अनुसार पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। डंपर में मुरड़ भरी हुई थी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।

