बीकानेर में मौसम का तांडव! चलते ट्रैक्टर पर गिरा पेड़, कई लोग घायल; ओलों ने बढ़ाई किसानों की चिंता

बीकानेर के खाजूवाला में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से नुकसान हुआ। चलते ट्रैक्टर पर पेड़ गिरने से दो लोग घायल, कई जगह पेड़ और बिजली के पोल गिरे।

बीकानेर में मौसम का तांडव! चलते ट्रैक्टर पर गिरा पेड़, कई लोग घायल; ओलों ने बढ़ाई किसानों की चिंता

राजस्थान के बीकानेर जिले में मौसम के अचानक बदले मिजाज ने खाजूवाला क्षेत्र में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। बुधवार को तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के कारण कई जगह पेड़ उखड़ गए, बिजली के पोल टूटकर गिर गए और ग्रामीण इलाकों में नुकसान की खबरें सामने आईं। सबसे चिंताजनक हादसा उस समय हुआ, जब तेज हवाओं के बीच एक पेड़ चलते ट्रैक्टर पर गिर गया। इस घटना में दो लोग घायल हो गए। वहीं, क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर पेड़ गिरने से करीब आधा दर्जन लोगों के घायल होने की सूचना है।

चलते ट्रैक्टर पर गिरा पेड़, दो लोग घायल

खाजूवाला क्षेत्र में 15 वाली पुली और 22KJD के पास तेज आंधी के दौरान यह हादसा हुआ। जानकारी के मुताबिक, ट्रैक्टर के गुजरने के दौरान अचानक एक पेड़ उस पर गिर गया, जिससे ट्रैक्टर पर सवार दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए खाजूवाला के उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया। गुल्लूवाली निवासी महेन्द्र खालिया घायलों को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज किया गया।