खेतड़ी के ऐतिहासिक किले में बाबा रामदेव की भांजी की शाही शादी, रथ पर नाचते पहुंचे दूल्हे; हाथी पर दिखीं दुल्हन
Baba Ramdev Niece Wedding: अभयगढ़ दुर्ग में मुदिता यश और कुशलवीर की शाही Destination Wedding हुई। दूल्हा रथ और दुल्हन हाथी पर सवार होकर समारोह में पहुंचे।
राजस्थान के ऐतिहासिक अभयगढ़ दुर्ग में इन दिनों एक खास शादी समारोह की रौनक है। योग गुरु बाबा रामदेव की भांजी मुदिता यश और गुरुग्राम के कुशलवीर की डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए किले को सजाया गया है। शनिवार को बारात पहुंची तो शादी का नजारा किसी शाही समारोह से कम नहीं था। दूल्हा कुशलवीर रथ पर सवार होकर डांस करते हुए पहुंचे, वहीं दुल्हन मुदिता यश हाथी पर बैठकर थिरकती नजर आईं।
मुदिता यश मूल रूप से हरियाणा के नारनौल स्थित खटोटी गांव की रहने वाली हैं, जबकि कुशलवीर का परिवार गुरुग्राम में रहता है। शनिवार दोपहर बारात अभयगढ़ दुर्ग पहुंची, जहां लड़की पक्ष ने पारंपरिक तरीके से बारातियों का स्वागत किया। शुक्रवार को हल्दी और मेहंदी की रस्में हुई थीं। बाबा रामदेव भी हल्दी समारोह में शामिल हुए थे। शनिवार रात दोनों विवाह के बंधन में बंधेंगे।
मेहमानों को परोसे जाएंगे पतंजलि आश्रम के स्वदेशी व्यंजन
इस शादी में पारंपरिक रस्मों के साथ स्वदेशी खानपान भी खास आकर्षण है। मेहमानों के लिए हरिद्वार स्थित पतंजलि आश्रम में तैयार किए गए स्वदेशी व्यंजन परोसने की व्यवस्था की गई है। शादी के लिए ऐतिहासिक अभयगढ़ दुर्ग को विशेष रूप से सजाया गया है।
कौन हैं मुदिता यश और कुशलवीर?
मुदिता यश, डॉ. यशदेव शास्त्री और डॉ. ऋतम्भरा शास्त्री की बेटी हैं। उनके एक छोटा भाई भी है। यशदेव शास्त्री तेल मिल और माइंस कारोबार से जुड़े हैं। वे पतंजलि के लिए भी उत्पाद तैयार करते हैं। बाबा रामदेव से उनका पारिवारिक रिश्ता होने के साथ कारोबारी साझेदारी भी बताई जाती है।
दूसरी ओर, कुशलवीर डॉ. वीर सिंह और राजेश वीर के बेटे हैं। उनका परिवार गुरुग्राम में रहता है। कुशलवीर बेंगलुरु की एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम करते हैं।
अक्टूबर में हुई थी सगाई, गांव में निकला बनवारा
मुदिता और कुशलवीर की सगाई 17 अक्टूबर को खटोटी कलां गांव में हुई थी। शादी से पहले गांव में पारंपरिक बनवारा निकाला गया। इस रस्म में मुदिता को घोड़ी पर बैठाया गया और महिलाओं ने हरियाणवी गीत गाकर उत्सव मनाया। उनके पिता यशदेव शास्त्री ने घोड़ी की लगाम थामी, जबकि मां डॉ. ऋतम्भरा शास्त्री भी हरियाणवी गीतों पर नृत्य करती नजर आईं।
खेतड़ी के अभयगढ़ दुर्ग में हो रहा यह विवाह समारोह राजस्थान और हरियाणा की पारंपरिक रस्मों के साथ शाही अंदाज का संगम बन गया है।

