जयपुर मेट्रो के पिलर पर पोस्टर-बैनर लगाया तो हो सकती है जेल, दोबारा पकड़े जाने पर 2 साल तक की सजा
जयपुर मेट्रो के पिलर, स्टेशन और दीवारों पर बिना अनुमति पोस्टर-बैनर लगाने पर 10 हजार रुपये तक जुर्माना और दो साल तक की जेल हो सकती है। जानें पूरा नियम।
जयपुर मेट्रो के पिलर, स्टेशन परिसर और दीवारों पर बिना अनुमति पोस्टर-बैनर लगाना अब भारी पड़ सकता है। मेट्रो पुलिस ने सार्वजनिक संपत्तियों को बदरंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। राजस्थान संपत्ति विरूपण निवारण अधिनियम, 2006 के तहत पहली बार नियम तोड़ने पर 5 हजार रुपए तक जुर्माना या एक साल तक की कैद हो सकती है। वहीं, दोबारा उल्लंघन करने पर 10 हजार रुपए तक जुर्माना या दो साल तक जेल की सजा का प्रावधान है।
पोस्टर से लेकर दीवारों पर नारे लिखना भी प्रतिबंधित
मेट्रो पुलिस के मुताबिक मेट्रो के पिलर, स्टेशन परिसर, दीवारों और अन्य संपत्तियों पर बिना अनुमति किसी भी तरह की प्रचार सामग्री लगाना प्रतिबंधित है। इसमें पोस्टर, बैनर, होर्डिंग और पेंफलेट चिपकाने के साथ दीवारों पर नारे लिखना और विज्ञापन करना भी शामिल है। नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित व्यक्ति या संस्था के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
सामाजिक संगठनों और विज्ञापन एजेंसियों पर भी रहेगी नजर
मेट्रो पुलिस का कहना है कि कई बार सामाजिक संगठनों, राजनीतिक समूहों, संस्थाओं और विज्ञापन एजेंसियों की ओर से सार्वजनिक स्थानों पर प्रचार सामग्री लगा दी जाती है। इससे मेट्रो की संपत्तियों की सुंदरता प्रभावित होती है और शहर की स्वच्छता पर भी असर पड़ता है। अब ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।
पहली बार 5 हजार, दोबारा पकड़े गए तो 10 हजार जुर्माना
राजस्थान संपत्ति विरूपण निवारण अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के अनुसार पहली बार उल्लंघन पर 5 हजार रुपए तक जुर्माना या एक साल तक की कैद हो सकती है। वहीं, दूसरी बार पकड़े जाने पर 10 हजार रुपए तक जुर्माना या दो साल तक की कैद का प्रावधान है।
मेट्रो पुलिस ने की सहयोग की अपील
मेट्रो पुलिस ने आमजन, सामाजिक संगठनों और विज्ञापन एजेंसियों से अपील की है कि प्रचार के लिए मेट्रो की संपत्तियों का इस्तेमाल बिना अनुमति न करें। किसी कार्यक्रम या व्यावसायिक गतिविधि का प्रचार करना हो तो निर्धारित नियमों और अनुमति प्रक्रिया का पालन करें। पुलिस के अनुसार मेट्रो की संपत्तियां सार्वजनिक धरोहर हैं और उनकी स्वच्छता व सुंदरता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

