भाईदूज पर जैसलमेर सीमा पहुंचे सीएम भजनलाल, BSF की महिला जवानों ने बांधा रक्षा सूत्र
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जैसलमेर सीमा पर BSF की महिला जवानों के साथ भाईदूज मनाया। महिला जवानों ने उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। इससे पहले सीएम ने तनोट माता मंदिर में दर्शन किए।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को भाईदूज का पर्व जैसलमेर की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सीमा सुरक्षा बल (BSF) की महिला जवानों के साथ मनाया। इस दौरान महिला जवानों ने मुख्यमंत्री की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने भी उन्हें भाईदूज की बधाई देते हुए उनके साहस, समर्पण और राष्ट्रसेवा के जज्बे की सराहना की।
तनोट माता मंदिर में दर्शन के बाद BSF जवानों के बीच पहुंचे सीएम
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एक दिवसीय दौरे पर जैसलमेर पहुंचे थे। दौरे की शुरुआत उन्होंने प्रसिद्ध तनोट माता मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना के साथ की। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इसके बाद मुख्यमंत्री सीमा सुरक्षा बल के जवानों के बीच पहुंचे, जहां BSF की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
महिला जवानों से रक्षा सूत्र बंधवाने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि बहनों का आशीर्वाद मिलना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि तनोट माता के दर्शन के साथ उन्हें बहनों का आशीर्वाद भी प्राप्त हुआ है।
महिला जवानों के साहस और समर्पण को सराहा
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा में महिला जवानों का योगदान और उनका अदम्य साहस पूरे देश के लिए प्रेरणा है। कठिन परिस्थितियों में भी कर्तव्य के प्रति उनकी निष्ठा और समर्पण राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करता है।
उन्होंने BSF के जवानों से मुलाकात के दौरान उनके कार्यों की सराहना की और भाईदूज की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमाओं पर तैनात जवानों की वजह से ही देश और प्रदेश के नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस करते हैं।
तनोट माता से राजस्थान की खुशहाली की कामना
तनोट माता मंदिर में दर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी अपनी भावना साझा की। उन्होंने लिखा कि मां तनोट राय का दिव्य आशीर्वाद राजस्थान पर सदैव बना रहे। माता की कृपा से राजस्थान विकास, समृद्धि और प्रगति के नए शिखरों को छुए, यही उनकी प्रार्थना है।
इस दौरान विधायक छोटू सिंह भाटी, सीमा सुरक्षा बल राजस्थान फ्रंटियर के आईजी डॉ. विकास पाठक सहित अन्य जनप्रतिनिधि और BSF के अधिकारी मौजूद रहे।

