जयपुर में खुद को यूट्यूबर बताकर 5 साल तक महिला से वसूली, खबर चलाने और जेल भेजने की धमकी देने वाला आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार
जयपुर में खुद को यूट्यूबर बताकर महिला से पांच साल तक वसूली करने के आरोपी राहुल सक्सेना को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। वहीं मानसरोवर में कार से दो लैपटॉप, मोबाइल और 53 हजार रुपये चोरी हुए।
जयपुर में खुद को यूट्यूबर बताकर एक महिला से अवैध वसूली करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपी यूट्यूब चैनल पर खबर चलाने और पुलिस में शिकायत कर जेल भिजवाने की धमकी देकर महिला से पैसे मांगता था। प्रतापनगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल सक्सेना (42) को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, वह वर्ष 2020-21 से महिला को डराकर पैसे वसूल रहा था।
हर महीने पैसे नहीं देने पर खबर चलाने की देता था धमकी
डीसीपी ईस्ट रंजीता शर्मा के अनुसार, पीड़िता ने 21 अगस्त को प्रतापनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। महिला देशी शराब के ठेके से जुड़े काम के जरिए अपने परिवार का भरण-पोषण करती है।
शिकायत के मुताबिक, कुछ समय पहले राहुल सक्सेना नाम के व्यक्ति ने खुद को यूट्यूबर बताकर महिला से हर महीने 2,000 रुपये की मांग की। उसने पैसे नहीं देने पर यूट्यूब चैनल पर खबर चलाने और उसे बर्बाद करने की धमकी दी।
आरोप है कि लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर पीड़िता और उसके परिजनों ने अलग-अलग तारीखों पर फोन-पे के जरिए आरोपी को 500 से 2,000 रुपये तक की रकम भेजी।
दिल्ली जाने के बाद भी फोन पर करता रहा वसूली
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी राहुल सक्सेना वर्ष 2020-21 के दौरान जयपुर के प्रतापनगर इलाके में किराए पर रहता था। उस समय भी पीड़िता अवैध शराब की बिक्री करती थी।
आरोप है कि राहुल ने महिला का वीडियो बनाया और पुलिस को सूचना देने तथा उसे जेल भिजवाने की धमकी देकर हर महीने 1,500 रुपये वसूलने शुरू कर दिए। वर्ष 2021 के बाद आरोपी दिल्ली चला गया, लेकिन इसके बावजूद वह फोन के जरिए महिला और उसके बेटे को डराता रहा।
मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की और उसे दिल्ली से पकड़ लिया।
मानसरोवर में कार का शीशा तोड़कर लैपटॉप और नकदी चोरी
जयपुर के मानसरोवर थाना क्षेत्र में कार का शीशा तोड़कर बैग चोरी करने का एक और मामला सामने आया है। अज्ञात चोर कार में रखा बैग ले गए, जिसमें दो लैपटॉप, मोबाइल, नकदी और अन्य कीमती सामान था।
स्वेज फार्म, रामनगर निवासी कमलेश कुमार लक्षकार ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उनकी कार में रखा बैग चोरी हो गया। बैग में आईटीसी कंपनी के दो लैपटॉप, दो चार्जर, एक मोबाइल, पर्स में रखे 5,000 रुपये, दो डेबिट कार्ड, चार ड्राइविंग लाइसेंस, एक क्रेडिट कार्ड, दो पावर बैंक और ईयरबड्स थे।
रिपोर्ट के अनुसार, बैग में कुल 53 हजार रुपये नकद भी रखे थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

