Poco M8x 5G: 25 हजार से कम में 7900mAh बैटरी, 120Hz डिस्प्ले और 6 साल का सिक्योरिटी अपडेट
25 हजार रुपये से कम कीमत में Poco का यह 5G स्मार्टफोन 7,900mAh बैटरी, 120Hz डिस्प्ले और Snapdragon 4 Gen 5 प्रोसेसर के साथ आता है। फोन में 6 साल के सिक्योरिटी अपडेट और 4 साल के Android अपडेट का सपोर्ट मिलता है।
Poco M8x 5G: अगर आप 25 हजार रुपये से कम के बजट में नया 5G स्मार्टफोन खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो Poco M8x 5G एक मजबूत विकल्प हो सकता है। फोन में बड़ी डिस्प्ले, 7,900mAh की बैटरी और नया Snapdragon प्रोसेसर दिया गया है। हालांकि, कंपनी ने कीमत को किफायती रखने के लिए कैमरा जैसे कुछ फीचर्स में समझौता किया है। आइए जानते हैं फोन की तीन बड़ी खूबियां।
1. 6.9 इंच की बड़ी स्क्रीन और स्टीरियो स्पीकर
Poco M8x 5G में 6.9 इंच की HD+ LCD डिस्प्ले दी गई है। इसमें 120Hz रिफ्रेश रेट मिलता है, जिससे स्क्रॉलिंग और गेमिंग के दौरान स्क्रीन ज्यादा स्मूद नजर आ सकती है। हालांकि, डिस्प्ले का रिजॉल्यूशन Full HD+ नहीं है, लेकिन बड़ी स्क्रीन इस फोन को खास बनाती है।
डिस्प्ले को TÜV Rheinland Triple Eye Certification भी मिला है। इसमें फ्लिकर कम करने, ब्लू लाइट घटाने और आंखों पर पड़ने वाले असर को कम करने जैसी सुविधाएं दी गई हैं। इसके अलावा फोन में डुअल स्टीरियो स्पीकर और हाई-रेज ऑडियो का सपोर्ट मिलता है।
2. 7900mAh की बड़ी बैटरी और Snapdragon प्रोसेसर
फोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी 7,900mAh सिलिकॉन-कार्बन बैटरी है। कंपनी का दावा है कि सामान्य इस्तेमाल में बैटरी तीन दिन तक चल सकती है। फोन में 45W फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट भी दिया गया है।
परफॉर्मेंस के लिए इसमें Qualcomm Snapdragon 4 Gen 5 प्रोसेसर मिलता है। 4nm प्रोसेस पर बना यह चिपसेट रोजमर्रा के काम, वीडियो स्ट्रीमिंग और सामान्य गेमिंग के लिए उपयोगी हो सकता है। फोन में 6GB तक रैम के साथ 6GB तक वर्चुअल रैम का विकल्प भी दिया गया है।
3. 6 साल तक मिलेगा सिक्योरिटी अपडेट
Poco M8x 5G Android 16 पर आधारित HyperOS 3 के साथ आता है। कंपनी का दावा है कि फोन को चार साल तक Android अपडेट और छह साल तक सिक्योरिटी अपडेट मिलेंगे।
फोन में Hyper Island के अलावा कई AI फीचर्स भी दिए गए हैं। इनमें Circle to Search, AI Eraser और AI Night Mode जैसे फीचर्स शामिल हैं। Google Gemini का सपोर्ट भी फोन में मिलता है।
कैमरा में हुआ है समझौता
कैमरा के मामले में Poco M8x 5G थोड़ा पीछे रह सकता है। फोन के रियर पैनल पर 50MP का मेन कैमरा दिया गया है, जबकि सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए 8MP का फ्रंट कैमरा मिलता है।
अगर आपकी प्राथमिकता फोटोग्राफी है, तो इसी कीमत में दूसरे स्मार्टफोन विकल्पों पर भी विचार किया जा सकता है।
Poco M8x 5G की कीमत
Poco M8x 5G के 4GB RAM + 128GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 20,999 रुपये है। चुनिंदा कार्ड से भुगतान करने पर 950 रुपये तक की अतिरिक्त छूट मिल सकती है।
वहीं 6GB RAM + 128GB स्टोरेज मॉडल की कीमत 22,999 रुपये रखी गई है। इस वेरिएंट पर चुनिंदा कार्ड से करीब 1,050 रुपये तक की छूट मिल सकती है।
क्या Poco M8x 5G खरीदना चाहिए?
अगर आपकी प्राथमिकता बड़ी स्क्रीन, लंबी बैटरी लाइफ, ठीक-ठाक परफॉर्मेंस और लंबे सॉफ्टवेयर सपोर्ट की है, तो 25 हजार रुपये से कम में Poco M8x 5G एक अच्छा विकल्प हो सकता है। हालांकि, बेहतर कैमरा परफॉर्मेंस चाहने वाले यूजर्स को दूसरे विकल्प भी देखने चाहिए।

