महिला बैंक मैनेजर ने शटर लॉक कर बदमाशों को किया कैद, 16 लाख की नकदी बची; दो गिरफ्तार
मूंडवा में यूको बैंक के ATM से नकदी लूटने की कोशिश नाकाम हुई। महिला बैंक मैनेजर ने शटर लॉक कर दिया और पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
नागौर के मूंडवा में यूको बैंक के ATM को काटकर नकदी निकालने पहुंचे दो आरोपियों को बैंक के ई-सर्विलांस अलर्ट और महिला शाखा प्रबंधक की सूझबूझ से पकड़ लिया गया। ATM में करीब 16 लाख रुपये की नकदी मौजूद थी।
ई-सर्विलांस अलर्ट से मिली ATM में घुसपैठ की जानकारी
नागौर जिले के मूंडवा कस्बे में रविवार देर रात यूको बैंक के ATM में लूट की कोशिश का मामला सामने आया। बैंक के ई-सर्विलांस सिस्टम ने ATM बूथ के अंदर संदिग्ध गतिविधि का अलर्ट दिया।
अलर्ट मिलने के बाद बैंक के अजमेर अंचल के सुरक्षा अधिकारी गौतम नागर ने शाखा प्रबंधक सारिका चौधरी को इसकी जानकारी दी। इसके बाद शाखा प्रबंधक अपने पति के साथ मौके पर पहुंचीं।
महिला मैनेजर ने बाहर से शटर किया लॉक
मौके पर पहुंचने पर सारिका चौधरी ने ATM का शटर नीचे देखा और अंदर दो संदिग्ध लोगों को मौजूद पाया। उन्होंने बिना शोर किए बाहर से ATM का दरवाजा लॉक कर दिया और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की गश्ती टीम सूचना मिलने के कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंची और दोनों संदिग्धों को ATM के अंदर से पकड़ लिया।
ATM में रखे थे करीब 16 लाख रुपये
पुलिस के मुताबिक, घटना के समय ATM में करीब 16 लाख 200 रुपये की नकदी मौजूद थी। बैंक कर्मचारियों की संभावित छुट्टियों और हड़ताल के कारण ATM में सामान्य दिनों की तुलना में ज्यादा कैश डाला गया था।
समय रहते आरोपियों के पकड़े जाने से ATM में रखी पूरी नकदी सुरक्षित बच गई।
कटर और ड्रिल लेकर पहुंचे थे आरोपी
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी ATM से नकदी निकालने की पूरी तैयारी के साथ पहुंचे थे। दोनों ने सिर और चेहरा ढक रखा था और हाथों में ग्लव्स पहने थे।
CCTV से बचने के लिए कैमरों के लेंस पर ग्रीस लगाने की बात भी सामने आई है। आरोपियों के पास कटर मशीन और ड्रिल भी थी। पुलिस के मुताबिक, उन्होंने ATM के तार काटने के बाद मशीन के ऊपरी हिस्से को काटना शुरू कर दिया था।
होटल संचालक समेत दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में मूंडवा बाइपास स्थित एक होटल के संचालक भरत प्रजापत और उसकी होटल पर काम करने वाले बिहार निवासी कोमल कुमार को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों को शुरुआत में शांति भंग के आरोप में पकड़ा गया था। बाद में बैंक प्रबंधन की शिकायत के आधार पर ATM लूट के प्रयास से जुड़े मामले में कार्रवाई की गई।
पुलिस जांच में साजिश से जुड़े अन्य लोगों की तलाश
घटना के बाद पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच का एक अहम हिस्सा यह पता लगाना है कि ATM लूट की इस कोशिश में उनके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।
पुलिस बैंक के ई-सर्विलांस अलर्ट, मौके से मिले साक्ष्यों और अन्य तकनीकी जानकारी के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।

