छठ, पुष्कर मेला और उर्स के दौरान अजमेर स्टेशन पर रहेगी खास व्यवस्था, 11 स्पेशल ट्रेनें चला रहा रेलवे
छठ पूजा, पुष्कर मेले और ख्वाजा गरीब नवाज के 815वें उर्स को देखते हुए अजमेर रेलवे स्टेशन पर विशेष इंतजाम किए गए हैं। जानें 11 स्पेशल ट्रेनों और यात्री सुविधाओं से जुड़ी पूरी जानकारी।
राजस्थान के अजमेर रेलवे स्टेशन पर छठ पूजा, पुष्कर मेले और ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती के 815वें उर्स को देखते हुए यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। त्योहारों और धार्मिक आयोजनों के कारण स्टेशन पर यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इसे देखते हुए रेलवे ने 11 ऑन डिमांड स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं। इसके साथ ही कई नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच भी लगाए गए हैं।
मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा की अगुवाई में स्टेशन की व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों को भी अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, ताकि यात्रियों की आवाजाही सुचारु बनी रहे।
सामान्य दिनों के मुकाबले यात्रियों की संख्या में भारी बढ़ोतरी
मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा के अनुसार, अजमेर रेलवे स्टेशन पर सामान्य दिनों में रोजाना औसतन 54 हजार यात्रियों का आवागमन होता है। दीपावली और छठ पूजा के चलते पिछले दो-तीन दिनों में यह संख्या बढ़कर करीब 91 हजार तक पहुंच गई है।
आगामी उर्स के दौरान यात्रियों की संख्या एक लाख तक पहुंचने का अनुमान है। वहीं, पुष्कर मेला 17 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। इन आयोजनों को देखते हुए रेलवे ने भीड़ प्रबंधन और यात्री सुविधाओं के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए हैं।
11 स्पेशल ट्रेनें चलाईं, नियमित ट्रेनों में भी बढ़ाए कोच
यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अजमेर, उदयपुर सिटी और मदार स्टेशन से 11 ऑन डिमांड स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया है। इसके अलावा अजमेर मंडल से चलने वाली सात से अधिक ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़े गए हैं।
पुष्कर मेले और उर्स के दौरान यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए जरूरत के अनुसार अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन की भी व्यवस्था रखी गई है।
स्टेशन पर बनाए गए अस्थायी होल्डिंग एरिया
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे स्टेशन पर आरक्षण कार्यालय और अनारक्षित टिकट बुकिंग हॉल के सामने अस्थायी होल्डिंग एरिया तैयार किए गए हैं। यहां यात्रियों के लिए रोशनी, पेयजल और यूरिनल की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
यात्रियों को सही प्लेटफॉर्म और ट्रेन की जानकारी देने के लिए साइनेज लगाए गए हैं। ट्रेनों के आगमन की नियमित उद्घोषणा भी की जा रही है, ताकि यात्रियों को अनावश्यक परेशानी न हो।
आरक्षित और अनारक्षित यात्रियों के लिए अलग व्यवस्था
स्टेशन पर भीड़ कम करने के लिए आरक्षित और अनारक्षित टिकट वाले यात्रियों के प्रवेश की अलग-अलग व्यवस्था की गई है। प्लेटफॉर्म से यात्रियों की सीधी निकासी के लिए मिडिल फुट ओवरब्रिज खोला गया है।
पीक आवर्स में टिकट लेने की सुविधा बढ़ाने के लिए अतिरिक्त यूटीएस काउंटर शुरू किए गए हैं। गांधी भवन से भी अनारक्षित टिकट लेने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा होल्डिंग एरिया में चार एटीवीएम मशीनें लगाई गई हैं।
सीसीटीवी से 24 घंटे निगरानी, रेल मदद स्टाफ भी तैनात
यात्रियों की सहायता के लिए स्टेशन पर 24 घंटे रेल मदद स्टाफ तैनात रहेगा। वहीं, स्टेशन के वॉर रूम में सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी की जा रही है।
रेलवे प्रशासन का कहना है कि त्योहारों और धार्मिक आयोजनों के दौरान यात्रियों की सुरक्षित और सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। यात्रियों को भी सलाह दी गई है कि वे स्टेशन पर लगाए गए संकेतों और रेलवे कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें।

