दौसा में 1.50 करोड़ की स्मैक बरामद, लग्जरी कार से तस्करी कर रहे 6 आरोपी गिरफ्तार; 3 फरार
दौसा में पुलिस ने 293.5 ग्राम स्मैक बरामद कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त स्मैक की कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपये बताई गई है।
दौसा जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 293.5 ग्राम स्मैक बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, जब्त स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपये है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक लग्जरी कार भी पुलिस ने जब्त की है।
यह कार्रवाई दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भांडारेज के पास ऑपरेशन ‘एंटी वेनम’ के तहत की गई। संयुक्त टीम ने मौके से कोटा निवासी छह आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि स्मैक की खेप लेने पहुंचे तीन संदिग्ध पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए।
साइबर सेल की सूचना पर बिछाया जाल
पुलिस के अनुसार, जयपुर रेंज साइबर सेल को सूचना मिली थी कि कोटा निवासी अहसान और शोएल अली स्मैक की खेप लेकर दौसा के भांडारेज पुलिया के पास पहुंचने वाले हैं। यहां उनकी मुलाकात सिकंदरा थाना क्षेत्र के कुछ लोगों से होनी थी।
सूचना के आधार पर जयपुर रेंज साइबर सेल, दौसा डीएसटी और सदर थाना पुलिस की टीम ने इलाके में निगरानी शुरू की। पुलिस की मौजूदगी का पता चलते ही तीन संदिग्ध मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
कोटा के छह आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने अहसान पुत्र अंसार अली, शोएल अली पुत्र शाहिद अली, शाहनवाज खान पुत्र जाकिर खान, मुकीम पुत्र उमर मोहम्मद, शाहरुख पुत्र शाकिर हुसैन और मोहम्मद शोयल उर्फ बल्लू पुत्र शरीफ खान को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, इनके कब्जे से 293.5 ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
कई जिलों और पड़ोसी राज्यों तक नेटवर्क की जांच
प्रारंभिक जांच में पुलिस को तस्करी के नेटवर्क के राजस्थान के कई जिलों और पड़ोसी राज्यों तक जुड़े होने की आशंका है। पुलिस जयपुर, अजमेर, चित्तौड़गढ़ और उदयपुर समेत अन्य इलाकों में संभावित कनेक्शन की जांच कर रही है।
इसके साथ ही खेप की खरीद-फरोख्त, पैसों के लेनदेन और डिलीवरी से जुड़े पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।
एक आरोपी की पत्नी की भूमिका भी जांच के दायरे में
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अहसान के खिलाफ पहले भी मादक पदार्थों से जुड़े मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस उसकी पत्नी शिवानी कंवर की भूमिका की भी जांच कर रही है। हालांकि, उसकी संलिप्तता को लेकर स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
मामले की जांच बसवा थानाधिकारी नरेश शर्मा कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

