फवाद खान की पाकिस्तानी वेब सीरीज भारत में बैन, Netflix को सरकार की चेतावनी

फवाद खान की पाकिस्तानी वेब सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ भारत में स्ट्रीम नहीं होगी। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने Netflix को एडवाइजरी का पालन करने की चेतावनी दी है।

फवाद खान की पाकिस्तानी वेब सीरीज भारत में बैन, Netflix को सरकार की चेतावनी

 पाकिस्तानी अभिनेता फवाद खान की वेब सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ भारत में स्ट्रीम नहीं होगी। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने Netflix को इस सीरीज को भारत में उपलब्ध नहीं कराने का निर्देश देते हुए पहले जारी की गई एडवाइजरी का सख्ती से पालन करने को कहा है।

मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को 8 मई 2025 को जारी एडवाइजरी की याद दिलाई है। इस एडवाइजरी के तहत पाकिस्तान में बनी फिल्मों और वेब सीरीज को भारत में स्ट्रीम करने की अनुमति नहीं है।

Netflix को जून 2025 के वादे की याद दिलाई

रिपोर्ट के अनुसार, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को हाल ही में शिकायतें मिली थीं कि पाकिस्तानी वेब सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ भारत में रिलीज हो सकती है। इसके बाद मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को जून 2025 में किए गए उसके वादे की याद दिलाई।

बताया गया है कि उस समय प्लेटफॉर्म ने भारत में पाकिस्तानी कंटेंट उपलब्ध नहीं कराने का भरोसा दिया था। मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स से इसी प्रतिबद्धता पर कायम रहने और पाकिस्तान में बने कंटेंट को भारतीय दर्शकों के लिए उपलब्ध नहीं कराने को कहा है।

 4 दिसंबर को 191 देशों में होनी है रिलीज

‘जो बचे हैं संग समेट लो’ नेटफ्लिक्स की पहली ओरिजनल पाकिस्तानी वेब सीरीज बताई जा रही है। इसे 4 दिसंबर 2026 से दुनियाभर के 191 देशों में स्ट्रीम किया जाना है। हालांकि, भारत में यह सीरीज उपलब्ध नहीं होगी।

इस सीरीज को लेकर पहले भी विवाद सामने आया था। ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर सीरीज पर प्रतिबंध लगाने की मांग की थी।

फवाद खान समेत कई बड़े कलाकार आएंगे नजर

इस वेब सीरीज में पाकिस्तान के कई चर्चित कलाकार दिखाई देंगे। इनमें फवाद खान, माहिरा खान, हानिया आमिर, सनम सईद, इकरा अजीज, अहमद रजा मीर, हमजा अली अब्बासी, माया अली, बिलाल अशरफ, नादिया जमील और समीना अहमद जैसे नाम शामिल हैं।

कहानी में तीन पीढ़ियों की छह प्रेम कहानियां दिखाई जाएंगी। सीरीज को दो हिस्सों में रिलीज करने की योजना है। पहले पार्ट में पांच एपिसोड होंगे, जबकि पूरी सीरीज में कुल 13 एपिसोड होने की उम्मीद है।

 सीरीज बनाने में लगे 8 साल

रिपोर्ट के मुताबिक, ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ को तैयार करने में करीब आठ साल लगे हैं। इसकी शूटिंग लगभग 200 दिनों तक चली। हाल ही में इसका ट्रेलर भी जारी किया गया था, जिसे भारत में देखा जा सकता है। हालांकि, ट्रेलर उपलब्ध होने का मतलब यह नहीं है कि पूरी वेब सीरीज भी भारत में स्ट्रीम होगी।