कांग्रेस के छोटूराम मीणा निर्विरोध बने उप जिला प्रमुख, BJP ने नहीं उतारा प्रत्याशी

दौसा में कांग्रेस के छोटूराम मीणा निर्विरोध उप जिला प्रमुख चुने गए। BJP ने प्रत्याशी नहीं उतारा। जिला परिषद के जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख दोनों पद कांग्रेस के खाते में गए।

कांग्रेस के छोटूराम मीणा निर्विरोध बने उप जिला प्रमुख, BJP ने नहीं उतारा प्रत्याशी

राजस्थान के दौसा जिले में जिला प्रमुख के बाद अब उप जिला प्रमुख पद पर भी कांग्रेस ने निर्विरोध जीत दर्ज की है। कांग्रेस प्रत्याशी छोटूराम मीणा गुरुवार को बिना मुकाबले उप जिला प्रमुख निर्वाचित हो गए। भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ओर से इस पद के लिए कोई प्रत्याशी मैदान में नहीं उतारा गया। इसके साथ ही दौसा जिला परिषद के दोनों प्रमुख पदों पर कांग्रेस का कब्जा हो गया है।

दौसा जिला परिषद में कुल 37 सदस्य हैं। इनमें से कांग्रेस के 35 सदस्य चुनाव जीतकर आए हैं, जबकि भाजपा को केवल दो सीटें मिली हैं। कांग्रेस के इस बड़े बहुमत के चलते भाजपा ने उप जिला प्रमुख चुनाव में नामांकन तक दाखिल नहीं किया।

नामांकन के बाद निर्विरोध चुने गए छोटूराम मीणा

उप जिला प्रमुख पद के लिए गुरुवार को कांग्रेस प्रत्याशी छोटूराम मीणा ने अपना नामांकन दाखिल किया। निर्धारित समय सीमा तक भाजपा की ओर से कोई दूसरा नामांकन नहीं आया। इसके बाद नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने पर छोटूराम मीणा को निर्विरोध उप जिला प्रमुख निर्वाचित घोषित कर दिया गया।

इस तरह दौसा जिला परिषद में उप जिला प्रमुख पद के लिए मतदान की नौबत ही नहीं आई।

लगातार दूसरी बार बने जिला परिषद सदस्य

छोटूराम मीणा महवा क्षेत्र के वार्ड नंबर 25 से जिला परिषद सदस्य निर्वाचित हुए हैं। वे लगातार दूसरी बार जिला परिषद सदस्य बने हैं। इसके अलावा वे राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के सचिव भी हैं।

कांग्रेस ने इस बार उन्हें उप जिला प्रमुख पद की जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी के इस फैसले को क्षेत्रीय और जातीय समीकरणों को साधने की रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है।

बीना बैरवा भी निर्विरोध बनी थीं जिला प्रमुख

इससे पहले बुधवार को कांग्रेस की बीना बैरवा दौसा की जिला प्रमुख निर्विरोध निर्वाचित हुई थीं। उस चुनाव में भी भाजपा ने अपना प्रत्याशी नहीं उतारा था।

जिला परिषद में कांग्रेस के 35 सदस्यों के मजबूत बहुमत के चलते पार्टी ने जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख दोनों पदों पर बिना मतदान के जीत हासिल की। पंचायत चुनाव में दौसा जिले में भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ा।