Dausa News: ‘पापा, मुझे यहां बहुत डर लग रहा है...जल्दी ले जाओ’, फोन के दो घंटे बाद BSF जवान की पत्नी की मौत

दौसा के बांदीकुई में BSF जवान की 22 वर्षीय पत्नी शानू गुर्जर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Dausa News: ‘पापा, मुझे यहां बहुत डर लग रहा है...जल्दी ले जाओ’, फोन के दो घंटे बाद BSF जवान की पत्नी की मौत

राजस्थान के दौसा जिले के बांदीकुई क्षेत्र में BSF जवान की 22 वर्षीय पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है। पिता का कहना है कि मौत से करीब दो घंटे पहले ही बेटी ने फोन कर अपनी परेशानी बताई थी और उसे ससुराल से ले जाने की गुहार लगाई थी।

पिता से फोन पर बोली- ‘मुझे यहां बहुत डर लग रहा है’

मामला बांदीकुई उपखंड के बड़ियाल कलां पंचायत के रलावता गांव का है। मृतका की पहचान शानू गुर्जर (22) के रूप में हुई है। करीब एक साल पहले उसकी शादी विजयपुरा निवासी दीपक गुर्जर से हुई थी। दीपक BSF में जवान है और ड्यूटी के चलते बॉर्डर पर तैनात है। वहीं शानू बांदीकुई स्थित ससुराल के मकान में अपनी सास और ननद के साथ रह रही थी।

मृतका के पिता प्रहलाद गुर्जर के मुताबिक, गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे बेटी ने उन्हें फोन किया था। वह काफी घबराई हुई थी और रो रही थी। पिता का दावा है कि शानू ने फोन पर कहा कि ससुराल में उसे दहेज के लिए परेशान किया जा रहा है और उसे अपनी जान का डर है। उसने पिता से जल्द आकर उसे वहां से ले जाने के लिए कहा।

पिता ने बेटी को भरोसा दिलाया कि वह शाम तक उसे लेने आ जाएंगे। हालांकि, करीब दो घंटे बाद ही ससुराल पक्ष से फोन आया कि शानू ने फांसी लगा ली है।

पिता ने लगाया हत्या का आरोप

बेटी की मौत की सूचना मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग बांदीकुई पहुंचे। पिता प्रहलाद गुर्जर ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती। उन्होंने सास, ननद और पति पर दहेज के लिए परेशान करने और हत्या कर शव को फांसी लगाने का रूप देने का आरोप लगाया है।

मायके पक्ष ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम और मोबाइल जांच की मांग

घटना के बाद बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंचे। मायके पक्ष ने शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने की मांग की। इसके अलावा घटनास्थल की FSL जांच, मृतका के मोबाइल की कॉल डिटेल और आखिरी फोन कॉल की जांच की मांग भी की गई।

परिजनों ने पति, सास और ननद की गिरफ्तारी की मांग रखी है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी

बांदीकुई थाना पुलिस ने पिता की शिकायत के आधार पर पति दीपक गुर्जर, सास और ननद के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और हत्या से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और मृतका का मोबाइल भी जब्त किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस BSF जवान पति दीपक गुर्जर से भी संपर्क करने का प्रयास कर रही है।