डूंगरपुर में 4.65 लाख के नकली नोट बरामद, दो गिरफ्तार
डूंगरपुर में रामसागड़ा थाना पुलिस ने कार से 4.65 लाख रुपए के नकली नोट बरामद किए। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार है।
राजस्थान के डूंगरपुर जिले में रामसागड़ा थाना पुलिस ने नकली नोटों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने माड़ा गांव में एक कार से 4 लाख 65 हजार 500 रुपए के नकली नोट बरामद किए हैं। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक युवक पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात सूचना मिली थी कि माड़ा स्कूल मैदान के पास कुछ युवक नकली नोट लेकर मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। वहां एक कार और स्कूटी खड़ी मिली।
पुलिस टीम ने कार की तलाशी की कार्रवाई शुरू की तो उसमें तीन युवक मौजूद थे। इसी दौरान एक युवक अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से भाग गया। पुलिस ने मौके से दो युवकों को पकड़ लिया।
बॉक्स में मिले नकली नोटों के बंडल
तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट पर एक बॉक्स मिला। पुलिस ने बॉक्स खोलकर देखा तो उसमें बड़ी संख्या में नोट रखे हुए थे। जांच में नोट नकली पाए गए।
पुलिस के मुताबिक, बॉक्स में 500 रुपए के चार बंडल और 191 खुले नोट थे। चारों बंडलों में 200-200 नोट बताए गए हैं। पुलिस ने कुल 4,65,500 रुपए के नकली नोट जब्त किए हैं।
दो गिरफ्तार, एक आरोपी फरार
पुलिस ने मामले में विजयगंज कॉलोनी निवासी भावेश खटीक और नालंदा बेंगलोज निवासी नयन जोशी को गिरफ्तार किया है। वहीं माड़ा निवासी राहुल लबाना मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपियों ने कथित तौर पर करीब 15 दिन पहले ही नकली नोटों का काम शुरू किया था। पुलिस के अनुसार, वे नकली नोटों की पहली सप्लाई करने से पहले ही पकड़ लिए गए।
नकली नोटों के पूरे नेटवर्क की जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोट कहां से आए थे, इन्हें तैयार करने के पीछे कौन लोग हैं और इनकी सप्लाई कहां की जानी थी। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्रवाई में एएसआई कांतिलाल, विद्याशंकर समेत कांस्टेबल पुष्पेंद्र सिंह, सागर सिंह, दिलीप सिंह और गोविंद शामिल रहे।

