1 अक्टूबर से गैस सब्सिडी पर असर, ऐसे पूरा करें आधार प्रमाणीकरण
राजस्थान समेत देशभर के घरेलू LPG उपभोक्ताओं के लिए 1 अक्टूबर 2026 से सब्सिडी वाले रिफिल के लिए बायोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण जरूरी होगा। जानें e-KYC कैसे करें।
राजस्थान के घरेलू LPG उपभोक्ताओं के लिए जरूरी खबर है। 1 अक्टूबर 2026 से सब्सिडी वाले घरेलू LPG रिफिल के लिए Biometric Aadhaar Authentication (BAA) अनिवार्य किया गया है। जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक अपना आधार प्रमाणीकरण पूरा नहीं कराया है, उन्हें जल्द यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
1 अक्टूबर से क्या बदलेगा?
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार, जिन उपभोक्ताओं ने BAA पहले ही पूरा कर लिया है, उन्हें दोबारा कोई प्रक्रिया करने की जरूरत नहीं होगी। ऐसे उपभोक्ताओं को रिफिल पहले की तरह मिलता रहेगा।
वहीं, जिन उपभोक्ताओं का आधार प्रमाणीकरण अभी लंबित है, उनके लिए सब्सिडी के साथ निर्धारित खुदरा मूल्य पर रिफिल बुकिंग प्रमाणीकरण पूरा करने के बाद ही उपलब्ध होगी।
सरकार के अनुसार, 19 सितंबर 2026 तक देश के 27.43 करोड़ सक्रिय घरेलू LPG उपभोक्ता BAA पूरा कर चुके थे, जो कुल सक्रिय उपभोक्ताओं का 89.9 प्रतिशत है।
घर बैठे ऐसे पूरा करें LPG e-KYC
उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी जाने के लिए जरूरी नहीं है। आधार प्रमाणीकरण के लिए अलग-अलग विकल्प उपलब्ध हैं।
- Indane उपभोक्ता: IndianOil ONE ऐप के जरिए प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
- Bharatgas उपभोक्ता: HelloBPCL ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं।
- HP Gas उपभोक्ता: HP PAY ऐप से प्रमाणीकरण किया जा सकता है।
- गैस सिलेंडर की डिलीवरी के दौरान डिलीवरी कर्मचारी के माध्यम से भी प्रमाणीकरण कराया जा सकता है।
- LPG वितरक के शोरूम पर जाकर भी BAA पूरा कराया जा सकता है।
e-KYC नहीं कराने पर क्या होगा?
आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, BAA पूरा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के लिए सब्सिडी के साथ निर्धारित खुदरा मूल्य पर रिफिल बुकिंग प्रमाणीकरण पूरा होने के बाद ही उपलब्ध होगी।
हालांकि, ऐसे उपभोक्ता LPG से पूरी तरह वंचित नहीं होंगे। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, जो उपभोक्ता BAA नहीं कराना चाहते या इसे पूरा नहीं कर पाते, वे OMC के डिजिटल माध्यमों पर अपनी पसंद दर्ज कराकर बाजार मूल्य पर बिना सब्सिडी वाला LPG प्राप्त कर सकते हैं, जिसकी उपलब्धता स्थानीय स्तर पर निर्भर करेगी।
राजस्थान के LPG उपभोक्ताओं के लिए जरूरी बात
राजस्थान में भी बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को इस प्रमाणीकरण प्रक्रिया को पूरा करना है। इससे पहले राजस्थान में तेल कंपनियों ने e-KYC अभियान चलाया था और उपभोक्ताओं को ऐप, LPG वितरक तथा डिलीवरी के दौरान प्रमाणीकरण की सुविधा दी गई थी।
LPG सेवाओं से जुड़ी सहायता के लिए 1800-2333-555 टोल-फ्री नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।

