Banswara News: महिला से मारपीट और अमानवीय व्यवहार का आरोप, बाल काटकर किया अपमान; पति समेत 10 पर केस

बांसवाड़ा के अरथूना क्षेत्र के आंजना गांव में महिला से मारपीट और सार्वजनिक रूप से अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। पुलिस ने पति समेत 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर सात लोगों को डिटेन किया है, जबकि वायरल वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है।

Banswara News: महिला से मारपीट और अमानवीय व्यवहार का आरोप, बाल काटकर किया अपमान; पति समेत 10 पर केस

बांसवाड़ा जिले के अरथूना थाना क्षेत्र के आंजना गांव में एक महिला के साथ मारपीट और कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। आरोप है कि महिला के बाल काटे गए, उसके साथ मारपीट की गई और सार्वजनिक रूप से उसे अपमानित किया गया।

घटना 1 सितंबर की शाम की बताई जा रही है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर उसके पति समेत 10 लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया है। पुलिस ने पति समेत सात लोगों को डिटेन किया है, जबकि वीडियो में दिखाई दे रही अन्य महिलाओं की भूमिका की जांच की जा रही है।

गांव के चबूतरे पर महिला के साथ मारपीट का आरोप

गढ़ी डीएसपी बाबूलाल के अनुसार, पीड़ित महिला करीब 10 दिन पहले पास के गांव के एक युवक के साथ चली गई थी। महिला के परिजन युवक के घर पहुंचे और उसे वापस लेकर आए। इसके बाद पति और उसके परिजनों ने महिला पर युवक के साथ भागने का आरोप लगाते हुए उसके साथ मारपीट की।

आरोप है कि महिला को गांव में एक चबूतरे पर लाकर उसके साथ सार्वजनिक रूप से दुर्व्यवहार किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां मौजूद थे। वायरल वीडियो में भीड़ महिला को घेरे हुए दिखाई दे रही है।

महिला का दावा- मजदूरी करने गई थी

पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि वह उक्त युवक के साथ भागकर नहीं गई थी, बल्कि उसके साथ मजदूरी करने गई थी। पुलिस अब महिला के बयान और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटना की वास्तविक वजह की जांच कर रही है।

200 से 300 ग्रामीणों की मौजूदगी का दावा

बताया जा रहा है कि घटना के दौरान मौके पर करीब 200 से 300 ग्रामीण मौजूद थे। वायरल वीडियो में कुछ लोग घटना का वीडियो बनाते नजर आ रहे हैं। पुलिस मामले में यह भी जांच कर रही है कि घटना के दौरान मौजूद लोगों की क्या भूमिका रही और किसी ने हस्तक्षेप क्यों नहीं किया।

पति समेत 7 लोग डिटेन, अन्य की तलाश

महिला की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत 10 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने पति समेत सात लोगों को डिटेन कर लिया है। वहीं, वीडियो में नजर आ रही अन्य आरोपी महिलाओं की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। घटना के पीछे की पूरी वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी। फिलहाल पीड़ित महिला अपने पिता के पास है।