Jaipur Crime: मकान खाली करने और किराए के विवाद में पूर्व किराएदार ने की मकान मालिक की हत्या, सिर पर ईंट से किए वार

जयपुर के मानसरोवर में मकान खाली करने और किराए के बकाया को लेकर हुए विवाद में पूर्व किराएदार पर मकान मालिक की सीमेंट की ईंट से सिर पर हमला कर हत्या करने का आरोप है। वारदात के बाद आरोपी फरार है और पुलिस CCTV फुटेज के जरिए उसकी तलाश कर रही है।

Jaipur Crime: मकान खाली करने और किराए के विवाद में पूर्व किराएदार ने की मकान मालिक की हत्या, सिर पर ईंट से किए वार

जयपुर के मानसरोवर इलाके में मकान खाली करने और किराए के हिसाब को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि पूर्व किराएदार ने अपने मकान मालिक के सिर पर सीमेंट की ईंट से कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से मकान मालिक की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मानसरोवर थाना पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान रजतपथ निवासी दीपक कुलश्रेष्ठ (52) के रूप में हुई है। वह एक निजी कंपनी में काम करते थे। दीपक ने अपना दूसरा मकान किराए पर दे रखा था। आरोपी महेश शर्मा करीब तीन साल से इस मकान में किराएदार के तौर पर रह रहा था। दोनों के बीच किराए और मकान खाली करने को लेकर पहले से विवाद चलने की बात सामने आई है।

चाबी देने पहुंचा था पूर्व किराएदार

बताया जा रहा है कि मकान खाली कराने को लेकर दोनों के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। बुधवार को महेश ने मकान खाली कर दिया था। इसके बाद गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे वह मकान की चाबी देने के लिए पहुंचा।

इसी दौरान पुराने किराए के बकाया भुगतान और मकान खाली करने को लेकर दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच हाथापाई हो गई।

सीमेंट की ईंट से सिर पर किया हमला

पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपी ने मकान के चौक में पड़ी सीमेंट की ईंट उठाई और दीपक के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने के बाद दीपक मौके पर ही गिर पड़े। वारदात के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।

परिचितों ने दी पुलिस को सूचना

दीपक के काफी देर तक घर नहीं लौटने पर उनके परिचित उन्हें तलाशते हुए किराए के मकान पर पहुंचे। अंदर जाने पर दीपक चौक में घायल अवस्था में पड़े मिले। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

जानकारी मिलते ही मानसरोवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी महेश शर्मा की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।