जिंदा युवक को थमा दिया Death Certificate, 24 दिन से खुद को जिंदा साबित करने के लिए भटक रहा दिनेश
जयपुर के SMS ट्रॉमा सेंटर में कथित रिकॉर्ड गलती से जिंदा दिनेश सैनी का मृत्यु प्रमाण-पत्र जारी हो गया। जन-आधार से नाम हटने के बाद वे 24 दिन से सुधार के लिए भटक रहे हैं।
राजस्थान की राजधानी जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां अंगुली की चोट का इलाज कराने पहुंचे दिनेश सैनी को सरकारी रिकॉर्ड में मृत दर्ज कर दिया गया। इतना ही नहीं, उनका मृत्यु प्रमाण-पत्र भी जारी हो गया और जन-आधार से उनका नाम हटा दिया गया। अब दिनेश पिछले 24 दिनों से खुद को जिंदा साबित करने के लिए अस्पताल के चक्कर काट रहे हैं।
आरोप है कि अस्पताल के रजिस्ट्रेशन काउंटर पर दिनेश सैनी की हॉस्पिटल आईडी (HID) दूसरे मरीज दिनेश मीणा के रिकॉर्ड से जोड़ दी गई थी। इसके बाद दिनेश मीणा की मौत होने पर मृत्यु का रिकॉर्ड सैनी के नाम दर्ज हो गया। दिनेश का कहना है कि अस्पताल प्रशासन गलती सुधारने के बजाय उनसे मृतक के परिजनों का शपथ-पत्र और एसडीएम के हस्ताक्षर लाने को कह रहा है।
अंगुली की चोट का इलाज कराने पहुंचे थे दिनेश
आमेर क्षेत्र के पीली की तलाई स्थित निमदला की ढाणी निवासी दिनेश सैनी पुत्र ताराचंद सैनी का 3 नवंबर को जन्मदिन था। इसी दिन गलता गेट थाने के पास हुए झगड़े में उनके बाएं हाथ की अंगुली में चोट लग गई थी। इसके बाद वे इलाज के लिए SMS ट्रॉमा सेंटर पहुंचे।
अस्पताल में एक्स-रे के बाद चोट मामूली बताई गई। डॉक्टर ने अंगुली पर पट्टी बांधी और दवाइयां देकर उन्हें घर भेज दिया। दिनेश के मुताबिक, उनके अस्पताल से जाने के एक-दो घंटे बाद दिनेश मीणा नाम का दूसरा मरीज वहां पहुंचा। आरोप है कि रजिस्ट्रेशन कर्मचारियों ने पहचान-पत्र का सत्यापन किए बिना उनकी HID और रजिस्ट्रेशन नंबर दूसरे मरीज की फाइल में दर्ज कर दिए।
दूसरे मरीज की मौत के बाद दिनेश को आने लगे फोन
बताया गया कि 4 नवंबर को सुबह करीब 10 बजे दूसरे मरीज दिनेश मीणा की मौत हो गई। लेकिन अस्पताल के रिकॉर्ड में मृत्यु दिनेश सैनी के नाम दर्ज हो गई। इसके बाद शव सुपुर्दगी के सिलसिले में ट्रॉमा सेंटर से दिनेश सैनी के पास 12 से 13 फोन आए।
दिनेश ने अस्पताल के कर्मचारियों को बताया कि वे जिंदा हैं और उनकी मौत नहीं हुई है। अगले दिन 5 नवंबर को वे खुद अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी दी। उनका आरोप है कि अस्पताल कर्मचारियों ने उन्हें भरोसा दिलाया कि कोई परेशानी नहीं होगी और उन्हें घर भेज दिया।
जन-आधार से भी हट गया नाम
दिनेश के मुताबिक, 25 नवंबर को दोपहर 3 बजकर 3 मिनट पर पहचान पोर्टल से उनके मृत्यु पंजीकरण का संदेश आया। इसके करीब तीन घंटे बाद शाम 6 बजकर 12 मिनट पर उनकी मां रेखा देवी के मोबाइल पर जन-आधार से दिनेश का नाम हटाए जाने का संदेश पहुंचा।
इस तरह अस्पताल के रिकॉर्ड में हुई कथित गलती सरकारी दस्तावेजों तक पहुंच गई। दिनेश का कहना है कि अब सरकारी रिकॉर्ड में उन्हें मृत दिखाया जा रहा है, जबकि वे खुद को जिंदा साबित करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
अस्पताल के रिकॉर्ड में सामने आईं कई गड़बड़ियां
इस मामले में अस्पताल की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि दिनेश का आधार या जन-आधार सत्यापित किए बिना उनकी हॉस्पिटल आईडी दूसरे मरीज के रिकॉर्ड में दर्ज कर दी गई। पोस्टमॉर्टम के दौरान संशोधन पत्र लगाए जाने के बावजूद मृत्यु पंजीकरण में सुधार नहीं हुआ।
यह भी सवाल उठाया गया है कि जिस मरीज का पोस्टमॉर्टम हुआ, अस्पताल के रजिस्टर में उसके परिजनों का मोबाइल नंबर तक दर्ज नहीं था। इसके बावजूद गलती सुधारने के लिए दिनेश से ही मृतक के परिजनों को लाने और एसडीएम के हस्ताक्षर करवाने को कहा जा रहा है।
'सरकारी सिस्टम में मैं मर चुका हूं'
दिनेश सैनी ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि उनके पास अब जिंदा साबित करने के लिए कोई कागज नहीं बचा है। सरकारी सिस्टम में उन्हें मृत दर्ज कर दिया गया है। दोस्तों और परिचितों के मजाक का भी उन्हें सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इसे गंभीर मानसिक प्रताड़ना बताया है।
SMS मेडिकल कॉलेज प्राचार्य ने कही कार्रवाई की बात
मामले पर SMS मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दीपक माहेश्वरी ने कहा कि ऐसा मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं आया है। वे रिकॉर्ड की जांच करवा रहे हैं। यदि इस तरह की गलती हुई है, तो यह गलत है और मामले में कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल दिनेश सैनी अस्पताल के रिकॉर्ड में हुई कथित गलती को ठीक करवाने के लिए प्रयास कर रहे हैं। अब देखना होगा कि अस्पताल प्रशासन मृत्यु पंजीकरण और जन-आधार में दर्ज गलत जानकारी को कितनी जल्दी दुरुस्त करता है।

