64 विला खरीद मामले में IAS शिखर अग्रवाल को सुप्रीम कोर्ट से झटका, हाईकोर्ट में ही राहत मांगने को कहा
IAS Shikhar Agarwal Case में सुप्रीम कोर्ट ने राहत देने से इनकार किया। 64 विला खरीद मामले में राजस्थान हाईकोर्ट को जल्द सुनवाई करने का अनुरोध किया गया है।
एक निजी कंपनी से कथित तौर पर बाजार मूल्य से कम कीमत पर 64 विला खरीदने के मामले में घिरे वरिष्ठ IAS अधिकारी शिखर अग्रवाल को सुप्रीम कोर्ट से फिलहाल राहत नहीं मिली है। अग्रवाल ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की FIR और जांच पर रोक लगाने की मांग की थी। सुप्रीम कोर्ट ने मामले में हस्तक्षेप करने से इनकार करते हुए राजस्थान हाईकोर्ट को इसकी सुनवाई जल्द करने का अनुरोध किया है।
जस्टिस जॉयमाला बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने शिखर अग्रवाल की विशेष अनुमति याचिका पर सुनवाई की। कोर्ट ने कहा कि वह इस मामले में दखल नहीं देना चाहता। हालांकि, अग्रवाल को अंतरिम राहत के लिए हाईकोर्ट में आवेदन करने की छूट दी गई है। सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा कि हाईकोर्ट मामले को जल्द सुने और सुनवाई को अनावश्यक रूप से टाला न जाए।
हाईकोर्ट से नहीं मिली थी अंतरिम राहत
शिखर अग्रवाल ने राजस्थान हाईकोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। हाईकोर्ट ने 19 नवंबर को राज्य सरकार और ACB को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था, लेकिन जांच पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था। मामले की अगली सुनवाई 18 दिसंबर को निर्धारित है।
सुप्रीम कोर्ट में अग्रवाल की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता और पूर्व अटॉर्नी जनरल मुकुल रोहतगी ने पक्ष रखा। उन्होंने दलील दी कि जांच की अनुमति देने से पहले अधिकारी को सुनवाई का अवसर नहीं दिया गया। यह भी कहा गया कि अनुमति दिए जाने के समय शिखर अग्रवाल देश में मौजूद नहीं थे।
बचाव पक्ष ने कोर्ट में कहा कि अग्रवाल वरिष्ठ IAS अधिकारी हैं और उनका करियर बेदाग रहा है। जिन संपत्तियों की खरीद की गई, उनकी जानकारी उन्होंने संबंधित रिकॉर्ड और आयकर रिटर्न में दी है। याचिका में कार्रवाई को दुर्भावनापूर्ण बताते हुए किसी भी दंडात्मक कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की गई थी।
राज्य सरकार की ओर से अंतरिम राहत का विरोध किया गया। सरकार का पक्ष था कि मामला पहले से हाईकोर्ट में लंबित है। सुप्रीम कोर्ट ने दोनों पक्षों को हाईकोर्ट में अपने सभी कानूनी तर्क और मुद्दे रखने की स्वतंत्रता दी है।
40 विला से शुरू हुई जांच में सामने आए 64 नाम
इस मामले की शुरुआत एक निजी कंपनी से IAS अधिकारी और उनके परिवार के सदस्यों के नाम पर खरीदे गए विला-कॉटेज की जानकारी सामने आने के बाद हुई थी। 27 अक्टूबर को प्रकाशित रिपोर्ट में दावा किया गया था कि करीब ढाई साल में एक ही कंपनी से शिखर अग्रवाल, उनकी IPS पत्नी प्रशाखा माथुर, दोनों बेटों और सास-ससुर के नाम पर 40 विला-कॉटेज खरीदे गए।
ACB ने 31 अक्टूबर को इस मामले में प्रारंभिक जांच (PE) दर्ज की थी। जांच के दौरान खरीद से जुड़ी और जानकारियां सामने आने के बाद संपत्तियों की संख्या 40 से बढ़कर 64 बताई गई।
ACB ने 18 नवंबर को IAS शिखर अग्रवाल और गोयल फैशंस प्राइवेट लिमिटेड, जिसे अनंता रिसॉर्ट्स से जोड़ा गया है, के मालिकों के खिलाफ FIR दर्ज की। इसमें कंपनी के निदेशक मुकुंद शरण गोयल, प्रबंध निदेशक संजय गोयल और अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।
ACB की जांच में दावा किया गया कि शिखर अग्रवाल ने अक्टूबर में अपने दोनों बेटों के नाम पर अनंता रिसॉर्ट में 24 विला 11-11 लाख रुपये की कीमत पर खरीदे, जबकि कंपनी के ब्रोशर में इनकी कीमत 59-59 लाख रुपये बताई गई थी। अब इस पूरे मामले में जांच और कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ हाईकोर्ट की अगली सुनवाई पर नजर रहेगी।

