Jaipur Factory Fire: लोहे की फैक्ट्री में लगी भीषण आग, केमिकल के 20 ड्रम जलने से उठीं लपटें
Jaipur Factory Fire: जयपुर के झोटवाड़ा इंडस्ट्रियल एरिया में लोहे की फैक्ट्री में आग लग गई। फैक्ट्री में रखे करीब 10 हजार लीटर केमिकल से भरे 20 ड्रमों तक आग पहुंचने से अफरा-तफरी मच गई। चार दमकल गाड़ियों ने करीब सवा घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
Jaipur Factory Fire: जयपुर के झोटवाड़ा इंडस्ट्रियल एरिया में मंगलवार सुबह लोहे की एक फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। फैक्ट्री में रखे केमिकल ड्रमों ने आग पकड़ ली, जिसके बाद तेज लपटें उठने लगीं। आग लगते ही फैक्ट्री में मौजूद वर्कर्स बाहर निकल आए और अपनी जान बचाई।
सूचना मिलने के बाद झोटवाड़ा फायर स्टेशन से दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। चार दमकल गाड़ियों की मदद से करीब सवा घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
फैक्ट्री में रखे थे केमिकल के 20 ड्रम
जानकारी के मुताबिक, फैक्ट्री में करीब 10 हजार लीटर केमिकल से भरे 20 ड्रम रखे हुए थे। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से पूरा केमिकल इसकी चपेट में आने से बच गया। यदि सभी ड्रमों में आग फैल जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
फिलहाल फैक्ट्री में आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
बॉयलर में लोहे की ढलाई के दौरान लगी आग
AFO (झोटवाड़ा) सुरेश कुमार ने बताया कि झोटवाड़ा इंडस्ट्रियल एरिया में माखन लाल गुप्ता की एनएल कास्टिंग प्राइवेट लिमिटेड नाम से लोहे की फैक्ट्री है। यहां बॉयलर की मदद से लोहे को गर्म कर ढलाई का काम किया जाता है।
मंगलवार सुबह फैक्ट्री में करीब 10-12 वर्कर्स बॉयलर में लोहे को हीट कर ढलाई का काम कर रहे थे। इसी दौरान आग लग गई। आग तेजी से फैक्ट्री में रखे केमिकल ड्रमों तक पहुंच गई, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
समय रहते आग पर पाया काबू
वर्कर्स के बाहर निकलने के बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया। चार गाड़ियों की मदद से करीब सवा घंटे में आग पर काबू पा लिया गया।
फायर विभाग की टीम अब आग लगने की वजह और फैक्ट्री में हुए नुकसान का आकलन कर रही है।

