उदयपुर में दर्दनाक हादसा: घर के आंगन में खेल रही दो साल की बच्ची पर तेंदुए का हमला, मौत
उदयपुर के धामधर गांव में घर के आंगन में खेल रही दो साल की बच्ची पर तेंदुए ने हमला कर दिया। अस्पताल में बच्ची की मौत, वन विभाग ने लगाए चार पिंजरे।
शहर से करीब 25 किलोमीटर दूर धामधर गांव में तेंदुए के हमले ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। पहाड़ी से सटे घर के आंगन में खेल रही दो साल की बच्ची को तेंदुआ उठा ले गया। गंभीर रूप से घायल बच्ची को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।
घटना गुरुवार शाम करीब सात बजे की है। गिर्वा पंचायत समिति की लकड़वास ग्राम पंचायत के धामधर गांव में सुरेश मीणा का घर पहाड़ी के पास स्थित है। उनकी दो साल की बेटी नीलम उर्फ नगीना घर के अहाते में खेल रही थी। इसी दौरान पहाड़ी की ओर से आया तेंदुआ घर की छत पर पहुंचा और आंगन में मौजूद बच्ची पर हमला कर दिया। बच्ची की चीख सुनकर परिवार के लोग बाहर आए, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी। तेंदुआ मौके से खेतों की ओर भाग गया।
परिजन बच्ची को तत्काल एमबी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद दोपहर करीब दो बजे बच्ची का शव गांव पहुंचा। गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
पहले भी गांव में दिखा था तेंदुआ
ग्रामीणों के मुताबिक, धामधर और आसपास के इलाके में पहले भी तेंदुए की आवाजाही देखी गई थी। बच्ची के मामा शिवलाल ने बताया कि क्षेत्र में तेंदुए का मूवमेंट पहले से था, लेकिन इंसान पर हमले की यह पहली घटना है। ग्रामीणों का कहना है कि आबादी से करीब 200 मीटर की दूरी पर आरएसएमएम की खदान है। यहां अक्सर तेंदुए दिखाई देते हैं। दो-तीन दिन पहले भी तेंदुए ने गांव में बकरियों का शिकार किया था। गुरुवार दोपहर को भी उसे इलाके में देखा गया था।
तेंदुए को पकड़ने के लिए लगाए पिंजरे और कैमरे
घटना के बाद वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए इलाके में चार पिंजरे और ट्रैप कैमरे लगाए हैं। डीएफओ डीके तिवारी के अनुसार, मौके पर पहुंचे अधिकारियों को ग्रामीणों ने बताया कि पास की माइंस में होने वाली ब्लास्टिंग के कारण तेंदुए आबादी की ओर आ सकते हैं। वन विभाग इस संबंध में माइनिंग विभाग को पत्र लिखेगा और क्षेत्र में तेंदुओं की गुफाओं तथा उनके संभावित ठिकानों की जानकारी मांगेगा। साथ ही इन ठिकानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी कहा जाएगा।
प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये का मुआवजा दिए जाने की बात कही गई है। घटना ने पहाड़ी और खनन क्षेत्रों से सटे गांवों में वन्यजीवों की आवाजाही तथा ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है।

